रोजगार मेला 25 को, 81 कंपनियां रजिस्टर्ड, एक अभ्यर्थी चुन सकेगा अधिकतम 3 कंपनी, रजिस्ट्रेशन से लेकर कंपनी का चयन सब ऑनलाइन
रोजगार विभाग की ओर से 25 अगस्त को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन बाबूशोभाराम राजकीय कला कॉलेज में किया जाएगा। मेले में अभी तक 81 कंपनियां रजिस्टर्ड हो चुकी हैं। इस दौरान करीब 20 हजार पदों पर भर्तियां की जाएंगी। मेले की खास बात यह है कि पंजीयन से लेकर कंपनियों का चयन पूरा काम ऑनलाइन ही होगा।
मेले में सिर्फ साक्षात्कार होगा व दस्तावेजों की जांच होगी। एक अभ्यर्थी ऑनलाइन अधिकतम 3 कंपनियों का चयन कर सकेगा। कंपनियां भी खुद का रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन पोर्टल पर ही कराएंगी। यहीं से अभ्यर्थी अपनी इच्छानुसार कंपनी का चयन कर सकेगा।
एक दिवसीय रोजगार मेले में करीब 10 हजार युवाओं के आने की उम्मीद है। विभाग द्वारा अभ्यर्थियों को मैसेज के माध्यम से सूचना दी गई है। इसमें अलवर सहित भरतपुर, जयपुर, कोटा सहित कई जिलों के अभ्यर्थियों को भी बुलावा भेजा गया है। मेले में जयपुर, अलवर, बावल, मानेसर, बड़ौद सहित कई क्षेत्रों की कंपनियां आएंगी।
इन योग्यताओं के अभ्यर्थी लेंगे भाग: मेले में 10वीं, 12वीं, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, एमबीए, बीसीए व बीबीए योगय्ताधारी अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे और कंपनियां इनका मौके पर ही चयन करेंगी। इस मेले के जरिए विभाग का टारगेट करीब 5 हजार युवाओं को नौकरी दिलवाने का है। मेले में सेल्स, हॉस्पिटेलिटी, सिक्योरिटी, इंफोर्मेशन टेक्नोलॉजी, बैकिंग, रिटेल क्षेत्र की कंपनियां हिस्सा लेंगी। कला कॉलेज खेल मैदान में डोम लगाए जाएंगे।
^रोजगार मेले की तैयारियां चल रही हैं और अभी तक 81 कंपनियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है। मेले के क्यूआर कोड का विमोचन सोमवार को सचिव सहित विभागीय अधिकारियों ने किया है। इस मेले में करीब 10 हजार युवाओं की आने की उम्मीद है।
श्यामलाल साटोलिया, उपनिदेशक, रोजगार विभाग
Satveer Choudhary 

