होमगार्ड भर्ती में गड़बड़ी भर्ती में आए अभ्यर्थी ने अन्य युवक से लगवाई अपनी दौड़, फिर उसे मैदान से भगा दिया

Nov 26, 2021 - 09:41
होमगार्ड भर्ती में गड़बड़ी भर्ती में आए अभ्यर्थी ने अन्य युवक से लगवाई अपनी दौड़, फिर उसे मैदान से भगा दिया

भरतपुर में गुरुवार को होमगार्ड भर्ती के दौरान एक फर्जी अभ्यर्थी बन असली अभ्यर्थी की जगह दौड़ लगाकर फरार हो गया। दौड़ पूरी होने के बाद जब होमगार्ड के कमांडेड राम जी लाल ने वहां लगे सीसीटीवी कैमरे देखे तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। असली अभ्यर्थी को पकड़ कर मथुरा गेट थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

दरअसल गुरुवार को भरतपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में होमगार्ड भर्ती के लिए अभ्यर्थियों से दौड़ करवाई जा रही थी। भर्ती में भाग लेने के लिए धौलपुर का एक अभ्यर्थी कृष्ण कुमार भी आया हुआ था। कृष्ण कुमार ने भर्ती के दौरान अपने सभी कागजात जमा करवा दिए थे, लेकिन जब अभ्यर्थियों की दौड़ करनी थी तो असली अभ्यर्थी कृष्ण कुमार ने अपनी जगह दूसरे युवक को दौड़ा दिया। दौड़ पूरी होने के बाद जब होमगार्ड के अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज को देखा तो असलीयत सामने आई। पता चला कि वह दौड़ लगाने के बाद मैदान से भाग गया।

मामला सामने आते ही अधिकारियों ने असली अभ्यर्थी को पकड़ लिया और उसे मथुरा गेट थाना पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस अभ्यर्थी से पूछताछ कर रही है और उसकी जगह दौड़ लगाने वाले युवक के बारे में जानकारी जुटा रही है। कृष्ण कुमार धौलपुर के कंचनपुरा थाना इलाके का रहने वाला है।