4 साल के बच्चे की मौत:पिता का आराेप- पुलिस की जिप्सी ने कुचला, पुलिस ने कहा-ट्रैक्टर-ट्राॅली पलटने से हुआ हादसा

4 साल के बच्चे की मौत:पिता का आराेप- पुलिस की जिप्सी ने कुचला, पुलिस ने कहा-ट्रैक्टर-ट्राॅली पलटने से हुआ हादसा

मालाखेड़ा थाना इलाके के कल्याणपुरा गांव के पास बुधवार शाम करीब 4.30 बजे एक सड़क हादसे में 4 साल के बच्चे गुड्डू खान की मौत हो गई। मृतक के पिता मौसम खान का आरोप है कि पुलिस की जिप्सी बजरी से लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली का पीछा कर रही थी।

ओवरटेक के दाैरान पुलिस की जिप्सी के पहिए के नीचे आने से बच्चे की माैत हुई, जबकि पुलिस का कहना है कि लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली के पलटने से बच्चा उसके नीचे आ गया। इससे उसकी माैत हुई है। मृतक गुड्डू तीन बहनों का इकलौता भाई था। वह सबसे छाेटा था। उसका पिता मौसम खान खेतीबाड़ी व मजदूरी का काम करता है।

कल्याणपुरा निवासी मौसम खान ने बताया कि उसका 4 साल का बेटा गुड्डू व बेटी रहशुना घर के बाहर खड़े थे, तभी पुलिस की एक जिप्सी बजरी से लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली का पीछा करते हुए तेज गति से आई। जिप्सी ने ट्रैक्टर का ओवरटेक किया ताे घर के बाहर खड़े बेटे गुड्डू काे कुचल दिया। इस दाैरान माैके पर काफी संख्या में ग्रामीण व राहगीर एकत्र हो गए और जिप्सी में सवार पुलिस कर्मियों को घेरा लिया।

ग्रामीणों से समझाइश के बाद जिप्सी सवार पुलिस कर्मी हैड कांस्टेबल राजेश कुमार व कांस्टेबल सतपाल ने बच्चे काे लहुलुहान हालत में सामान्य अस्पताल अलवर लाकर भर्ती करवाया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, घटना की सूचना मिलने पर एएसपी ग्रामीण श्रीमन लाल मीणा, सीओ ग्रामीण सपात खान व मालाखेड़ा थाना पुलिस माैके पर पहुंची।

एएसपी ग्रामीण मीणा ने बताया कि अकबरपुर चाैकी पुलिस के हैड कांस्टेबल राजेश कुमार व कांस्टेबल सतपाल को मोहब्बतपुर गांव के ग्रामीणों ने सूचना दी कि एक व्यक्ति हरे पेड़ काे काटकर उसकी लकड़ियां ट्रैक्टर-ट्राॅली में भरकर ले जा रहा है।

पुलिस के माैके पर पहुंचने से पहले चालक ट्रॉली में से लकडिय़ों काे खाली कर भाग रहा था। पुलिस ने उसका पीछा किया ताे ट्रैक्टर-ट्राॅली अनियंत्रित हाेकर पलट गई, जिसकी चपेट में बालक गुड्डू की माैत काे गई। ट्रैक्टर पलटने के बाद चालक फरार हो गया। शव काे मोर्चरी में रखवा दिया है। गुरुवार काे पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।