पति से परेशान महिला ने किया सुसाइड:भाई का आरोप- जीजा का था प्रेम प्रसंग, मना करने के बाद भी नहीं छोड़ा प्रेमिका को

Feb 26, 2022 - 11:04
पति से परेशान महिला ने किया सुसाइड:भाई का आरोप- जीजा का था प्रेम प्रसंग, मना करने के बाद भी नहीं छोड़ा प्रेमिका को

बीकानेर के नोखा में एक महिला के सुसाइड में नया मोड़ आया है। महिला के परिवार ने आरोप लगाया है कि पति के प्रेम प्रसंग से परेशान होकर बेटी ने ऐसा कदम उठाया। बेटी को दहेज के लिए भी बार बार परेशान किया जा रहा था। दरअसल, उगमपुरा में रहने वाली 25 वर्षीय सीमा ने गुरुवार को सुसाइड कर लिया था। अब उसके भाई ने मृतका के पति और एक अन्य महिला के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

आरोप लगाया गया है कि उसके पति किशनलाल सुथार का एक महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। बार-बार मना करने के बाद भी वो उस महिला को नहीं छोड़ रहा था। महिला के परिवार का दावा है कि उसने दूसरा विवाह भी कर लिया है। सीमा के कोई बच्चा नहीं होने के कारण दूसरा प्रेम विवाह किया गया। साथ ही दस लाख रुपए दहेज में मांगने का आरोप लगाया गया है।

सीमा और किशन लाल की चार साल पहले शादी हुई थी। इस दौरान दोनों के बीच कई बार विवाद हुआ। सीमा के भाई मांगीलाल सुथार ने सीमा के पति किशनलाल के अलावा एक अन्य महिला के खिलाफ नामजद मामला दर्ज करवाया है। हालांकि सीमा के पास कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जब सीमा ने सुसाइड किया तब उसका पति और सास मुंबई गए हुए थे।