सितम्बर में शुरू हो सकेगी आईआईटी में पढ़ाई:दो साल से दिसम्बर में शुरू हो रहा था पहला सेमेस्टर, इस वर्ष परीक्षाएं समय पर होने से पटरी पर आएगा सिस्टम

Feb 26, 2022 - 10:16
सितम्बर में शुरू हो सकेगी आईआईटी में पढ़ाई:दो साल से दिसम्बर में शुरू हो रहा था पहला सेमेस्टर, इस वर्ष परीक्षाएं समय पर होने से पटरी पर आएगा सिस्टम

देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-एडवांस्ड की परीक्षा तिथि एवं परिणाम तक का शेड्युल जारी होने के साथ ही आईआईटी में पढ़ाई के सिस्टम पटरी पर आने की संभावनाएं प्रबल हो गई है। गत दो वर्ष से कोविड-19 के चलते आईआईटी में पढ़ाई दिसम्बर माह में शुरू हो पा रही थी।

एलन करियर इंस्टीट्यूट के करियर काउंसलिंग एक्सपर्ट अमित आहूजा ने बताया कि इस वर्ष जेईई-एडवांस्ड की परीक्षा 3 जुलाई एवं परिणाम 18 जुलाई को जारी किया जाना प्रस्तावित है। काउंसलिंग प्रवेश प्रक्रिया 19 जुलाई से प्रारंभ हो सकती है। परिणाम के बाद सम्पूर्ण काउंसलिंग प्रक्रिया करीब एक माह तक चलती है। ऐसे में आईआईटी-एनआईटी प्रवेश की सम्पूर्ण प्रक्रिया 20 से 25 अगस्त के मध्य संपन्न होने की संभावना है।

साथ ही आईआईटी-एनआईटी के पहले सेमेस्टर की पढ़ाई सितम्बर के प्रथम सप्ताह में प्रारंभ हो सकती है। अतः गत वर्षों के मुकाबले इस वर्ष तीन माह पूर्व पहले सेमेस्टर की पढ़ाई प्रारंभ हो सकेगी।आहूजा ने बताया कि पढ़ाई सितम्बर माह से शुरू होने स्टूडेंट्स को बहुत लाभ होगा। पढ़ाई समय पर शुरू होने से पहले सेमेस्टर की पढ़ाई के लिए समय मिल जाएगा और बेहतर तैयारी कर सकेंगे।