बहरोड़ नपा ईओ सहित चार अधिकारी और एक दलाल रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की विशेष जांच शाखा ने गुरुवार को बहरोड़ में बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी मनीषा यादव, राजस्व अधिकारी, कैशियर, जेईएन और इनके दलाल को 85 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। करीब 67 माह बहरोड़ नपा ईओ रह चुकीं मनीषा यादव के लिए इन सभी ने कुल 14 लाख रुपए के बिल पास करने की एवज में 8 प्रतिशत रकम बतौर घूस ली थी।
बड़ी बात ये कि नपा में ही रिश्वत की रकम लेकर अफसरों ने मौके पर ही आपस में बांट भी ली। ये राशि एसीबी टीम ने बरामद कर पांचों को गिरफ्तार कर लिया है। एसीबी के ट्रैप ने नगर पालिका के निर्माण कार्यों में कमीशन के रूप में घूस लेने वालों की पूरी चेन भी पहली बार आधिकारिक रूप से सामने ला दी। एसीबी जयपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव नैन (एसआईडब्लू) ने बताया कि केपी इंटरप्राइजेज के ठेकेदार कपिल गुप्ता ने करीब 15-20 दिन पहले एसीबी मुख्यालय में शिकायत दी कि उसने बहरोड़ नगर पालिका क्षेत्र में सीसी सड़क निर्माण कार्य किया है। समय पर कार्य करने के बावजूद उसके 12 लाख 50 हजार रुपए के बिलों का भुगतान नहीं किया जा रहा।


