सरसों के खेत में मृत मिली युवती, भरतपुर के ढाबा मालिक की बेटी

सरसों के खेत में मृत मिली युवती, भरतपुर के ढाबा मालिक की बेटी
  • दो दिन पहले घर से रात को अचानक हुई गायब
  • शादी के नाम पर फंसाकर मारने का शक

कुम्हेर के सिरसई गांव के पास सरसों के खेत में मंगलवार को मृत मिली 19 वर्षीय युवती की पहचान हो गई है। वह भरतपुर में कन्नी गुर्जर चौराहे पर ढाबा चलाने वाले कासिम की बेटी साहिबा है। शक है कि शादी करने के नाम पर भरतपुर का ही एक शिक्षक उसे फंसाकर ले गया। बाद में उसकी कुम्हेर के पास हत्या करके शव खेतों में फेंक दिया।

परिजनों ने इस हत्या में 8-10 अन्य युवकों का भी हाथ होने की आशंका जताई है। मथुरा गेट पुलिस के मुताबिक मृतक साहिबा 18 जनवरी की रात को घर से अचानक गायब हुई थी। अगले दिन 19 जनवरी को दोपहर करीब 2 बजे उसके पिता कासिम ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पिता का आरोप है कि 19 जनवरी को जब साहिबा घर में नहीं मिली तो छानबीन की। पता चला कि उसके शैक्षणिक दस्तावेज और आधार कार्ड भी गायब थे।

मोबाइल चैक किया तो उसमें राहुल नाम के लड़के का मैसेज पड़ा था। फोन करने पर उसने बताया कि हम गोवर्धन घूमने आए हैं। आपकी लड़की घर आ जाएगी। कासिम का कहना है कि हमें 8-10 लड़कों का एक ग्रुप है, जिस पर शक है। मथुरा गेेट थाना प्रभारी ने बताया कि युवती का पोस्ट मार्टम होने के बाद मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी एंगल से इस मामले की जांच कर रही है।

दुष्कर्म की अभी पुष्टि नहीं
मृत युवती के साथ दुष्कर्म होने की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के मुताबिक मृत युवती के शरीर पर किसी तरह के कोई निशान नहीं मिले और कपड़े भी सही हालत में मिले हैं। पोस्ट मार्टम की रिपोर्ट के बाद स्थिति और साफ होगी। उल्लेखनीय है कि सिरसई गांव में घटना स्थल पर सड़क से शव को घसीटकर खेतों तक ले जाने के निशान मिले थे। उसकी एक चप्पल और चुनरी कुछ दूरी पर पड़ी मिली थी।

पिता का आरोप- शिक्षक राहुल करता था तंग
मृतका के पिता का आरोप है कि राहुल एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाता था। वहीं उसकी बेटी साहिबा भी 10वीं में पढ़ती थी। जब पता चला कि वह उसे तंग करता है तो साहिबा को घर बिठा लिया। लेकिन, वह इन दिनों 12वीं में प्राइवेट पढ़ रही थी। जब भी मौका मिलता वह ढाबे पर भी हिसाब-किताब संभालती थी। कई बार राहुल भी वहां खाना खाने आ जाता था। इसलिए आशंका है कि राहुल, उसके साथी राजकुमार, रोशन और चाय का खोखा चलाने वाले उसे बहला-फुसलाकर ले गए और उसकी हत्या कर दी।