पीड़ित और आरोपी युवती दोनों भाई- बहन:शादीशुदा युवक के साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रही लड़की 3 लाख रुपए लेकर फरार
पिछले 3 साल से गुजरात में बुआ के शादीशुदा लड़के के साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रही युवती के चकमा देकर 3 लाख रुपयाें से भरे बैग को लेकर फरार हो जाने का मामला सामने आया है। युवती, पीड़ित युवक के मामा की लड़की है यानी पीड़ित और आरोपी युवती दोनों भाई- बहन हैं। पीड़ित युवक घटना को लेकर मामला दर्ज कराने के लिए सोमवार को पहले काेतवाली थाने पहुंचा और आपबीती सुनाई।
लेकिन रुपयाें से भरा बैग पार करने की घटना ट्रेन में होने के कारण काेतवाली पुलिस ने पीड़ित को मामला दर्ज कराने के लिए जीआरपी चौकी भेज दिया। पीडित काे जीआरपी चौकी ने एफआईआर दर्ज कराने के लिए जीआरपी के संबंधित थाने गंगापुर सिटी भेजा है। सुबह थाने पर आए पीड़ित बयाना के खरैरी गांव निवासी बलवीर सिंह उर्फ बल्ली जाटव पुत्र रामजीलाल ने बताया कि वह गुजरात के भरूच शहर में रहकर लेबर ठेकेदारी का काम करता है।
उसके साथ उसकी पत्नी मंजू व बच्चे रहते हैं। सेवर थाना क्षेत्र के गांव मड़ौली जाट निवासी उसके सगे मामा सुरेश जाटव की पुत्री प्रेमलता भी उसके साथ अपनी मर्जी से लिव- इन-रिलेशनशिप में पत्नी की ही तरह रह रही है।
दिवाली मनाने गांव आते वक्त ट्रेन में रुपयाें से भरा बैग लेकर हुई गायब
पीड़ित बलवीर सिंह ने बताया कि वह भरूच से 13 नवंबर की शाम 5 बजे पश्चिम एक्सप्रेस में गांव आने के लिए सवार हुआ। पीड़ित ने बताया कि उसके पास 3 लाख रुपयों से भरा हुआ एक बैग भी था। सुबह करीब 5:45 बजे ट्रेन के बयाना स्टेशन पहुंचने से पहले जब उसकी नींद खुली तो प्रेमलता व रुपयाें से भरा बैग गायब मिला। पीड़ित बलवीर सिंह ने बताया कि उसके मामा की पुत्री प्रेमलता की शादी रुदावल थाना क्षेत्र के गांव नाराैली में हुई थी।


