दीपावली की खुशियां मातम में बदली:सुनेहरा गांव में ज्यादा शराब पीने से 4 दिन में 5 ग्रामीणों की मौत
कस्बे के निकटवर्ती गांव सुनेहरा में दीपावली की खुशियां मातम में बदली हुई हैं। गांव में पिछले 4 दिन से चूल्हे नहीं जले हैं। क्योंकि ज्यादा शराब पीने से पिछले 4 दिन में 5 लोग दम तोड़ चुके हैं। जबकि सीमा से सटे उत्तर प्रदेश में भी 3 लोगों की मौत की खबर है।
सुनेहरा गांव के मृतकों की पहचान सोहन सिंह पुत्र कन्हैया, श्रीराम पुत्र दुर्गा, सतीश पुत्र जुगला, थानसिंह पुत्र भंवरसिंह भाट, हुकम सिंह पुत्र वासुदेव जाटव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इन्होंने सुनेहरा में चल रहे वैध ठेके की आड़ में चल रहे अवैध शराब के ठेके से खरीदी थी।
प्रशिक्षु आईपीएस और कामां थानाधिकारी सुमित मेहरडा, एएसपी बुग लाल मीणा, डीएसपी प्रदीप यादव पुलिस बल के साथ शराब के ठेके पर छापामारी करने पहुंचे, लेकिन तब तक ठेकेदार और सेल्समैन मौके से फरार हो चुके थे।
इसी तरह बॉर्डर पर स्थित बरसाना के मृतकों की पहचान ऊंचा गांव निवासी सतीश, राजू और बरसाना के जाटव मोहल्ला निवासी संजय के रूप में हुई है। जिला आबकारी अधिकारी महेशचंद भीमवाल ने बताया कि सुनेहरा के 10 किलोमीटर की परिधि में सभी गोदामों से सेंपल लेकर उन्हें सील कर दिया है।
गोदाम के नाम पर चल रहा ठेका
ग्रामीणों और पीड़ित परिवारों ने बताया कि सुनेहरा में अवैध रूप से देसी शराब का ठेका लंबे समय से चल रहा है। ठेकेदार का लाइसेंसशुदा ठेका गांव धिलावटी में चलता है। लेकिन, गोदाम बनाने के नाम पर वह सुनेहरा में अवैध रूप से ठेका चल रहा है।
इसी ठेके की आड़ में हथकढ़ शराब बेची जा रही है। कई बार शिकायतें होने के बावजूद आबकारी विभाग और पुलिस इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। नियमानुसार लाइसेंसी ठेके की सीमा के एक किमी दायरे में ही गोदाम स्थापित किया जा सकता है। लेकिन, यह ठेका लाइसेंसी ठेके से 4- 5 किलोमीटर की दूरी पर चल रहा है। गोदाम से शराब बिक्री भी गैर कानूनी है।
4 जगह छापा, भारी मात्रा में देशी, अंग्रेजी शराब बरामद
डीग के प्रहराधिकारी रेवत सिंह राठौड़ ने बताया कि कामां कस्बे सहित आधा दर्जन स्थानों पर अवैध शराब ठेकों पर छापे मारे। कामां समेत कई गांवों में देसी और हथकढ़ शराब बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। इसलिए टीम गठित कर कामां के दिल्ली गेट स्थित पवन गुर्जर के मकान से दो कट्टों में भरी मात्रा में अवैध देशी, अंग्रेजी शराब बरामद की है।
इंदिरा कॉलोनी स्थित राम हंस गुर्जर के मकान से हथकढ़ शराब,,गांव पाछौल से धन्नों गुर्जर के मकान और कनवाड़ा में सुंदर सिंह गुर्जर के मकान अवैध रूप से बेची जा रही देसी और हथकढ़ शराब बरामद की है।
मृतक आश्रितों को 25 लाख मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग
डांग विकास बोर्ड के पूर्व चेयरमैन जवाहर सिंह बेढम ने सुनेहरा पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने उपखंड अधिकारी और जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर प्रत्येक मृतक के आश्रितों को 25 लाख रुपए का मुआवजा और प्रत्येक मृतक परिवार के एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देने को कहा है। साथ ही दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो 7 दिन बाद ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मृतकों के परिजनों को साथ लेकर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
अब 23 नवंबर तक चलेगा अवैध शराब के खिलाफ अभियान, टीम गठित
हथकढ़ शराब की बिक्री को रोकने के लिए आबकारी विभाग की और से चलाया जा रहा अभियान अब 23 नवंबर तक चलेगा। पूर्व में यह अभियान 7 नवंबर से 13 नवंबर तक चलाया गया था। जिला आबकारी अधिकारी महेश चंद भीमवाल ने बताया कि अभियान के लिए गठित टीम को निर्देश दिए गए हैं, कि वे 23 नवंबर तक इस अभियान को जारी रखें।
यह अभियान वृत्त डीग, वृत्त भरतपुर शहर, वृत्त भरतपुर ग्रामीण और वृत्त बयाना में चलाया जा रहा है। इसके अलावा तथाकथित अधिक शराब के सेवन से सुनेहरा में हुई मौत के मामले की जांच के लिए एवं निरोधात्मक प्रभावी कार्यवाही करने के लिए आबकारी निरीक्षक वृत डीग सत्यवीर सिंह को 16 से 22 नवंबर तक कामां में कैंप करने के निर्देश दिए गए हैं।


