बजट रिप्लाई में तिजारा को मिली कई सौगाते:भिवाड़ी में बनेगा गर्ल्स पीजी कॉलेज, तिजारा में ट्रॉमा सेंटर, विशेष न्यायालय होगा स्थापित

बजट रिप्लाई में तिजारा को मिली कई सौगाते:भिवाड़ी में बनेगा गर्ल्स पीजी कॉलेज, तिजारा में ट्रॉमा सेंटर, विशेष न्यायालय होगा स्थापित
girls-pg-college-will-be-built-in-bhiwadi-trauma-center-in-tijara-special-court-will-be-established-

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार 16 फरवरी को राजस्थान विधानसभा में बजट रिप्लाई करते हुए तिजारा विधानसभा को कई महत्वपूर्ण सौगात दी है। 10 फरवरी को अपनी सरकार का आखिरी बजट पेश करते हुए भी मुख्यमंत्री ने तिजारा विधानसभा क्षेत्र समेत भिवाड़ी को कई बड़ी सौगात दी थी।

बजट रिप्लाई में तिजारा के लिए बड़ी घोषणाएं

इस बजट रिप्लाई में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने घोषणा करते हुए कहा है कि भिवाडी में राजकीय कन्या महाविद्यालय खोला जाएगा, तिजारा में ट्रोमा सेंटर, विशेष न्यायालय (पोक्सो एक्ट) खोला जाएगा। साथ ही तिजारा के सौंदर्यीकरण पर 10 करोड रुपए खर्च किए जाएंगे। तिजारा के प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय को बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नत किया जाएगा। तिजारा मुख्यालय पर अहिंसा सर्किल से बस स्टैण्ड तिराहा तक सडक मार्ग का नवीनीकरण और इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई जाएंगी। साथ ही नाला भी बनाया जाएगा जिस पर 10 करोड रुपए की लागत आएगी, टपूकडा से चैपानकी वाया झिवाना तक (7 कि.मी.) 14 करोड रुपए की लागत से, भिवाडी टोल प्लाजा से टपूकडा तक 6 लेन सडक नाले के साथ में (10 कि.मी.) 50 करोड रुपए में, घासेली स्टैण्ड से तिजारा वाया मूसाखेडा तीतरका (19 कि.मी.) सड़क का 22 करोड रुपए की लागत से निर्माण होगा।

मुख्यमंत्री के द्वारा 10 फरवरी को पेश किए गए बजट में तिजारा उप खंड मुख्यालय को कुछ खास बजट नहीं दिया गया था। लेकिन इस बजट में तिजारा उपखंड मुख्यालय के लिए की गई अनेक घोषणाओं से तिजारा कस्बे के लोगों में खुशी का माहौल है। साथ ही लोगों ने मुख्यमंत्री और तिजारा विधायक का आभार प्रकट किया।

10 फरवरी को बजट घोषणा में इन कार्यों की हुई थी घोषणा

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपनी मौजूदा सरकार के 10 फरवरी को आखिरी बजट में भिवाड़ी के लिए कई बड़ी घोषणा की थी। जिसमें भिवाड़ी के उप जिला स्वास्थ्य केंद्र को जिला स्वास्थ्य केंद्र में क्रमोन्नत करने की घोषणा करते हुए भिवाड़ी शहर के लोगों को बड़ी सौगात दी थी। भिवाड़ी के सलारपुर औद्योगिक क्षेत्र को स्मार्ट औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। तिजारा के गोठड़ा में पुलिस चौकी खोलने की घोषणा साथ ही तिजारा के टपूकड़ा तहसील मुख्यालय पर एसडीएम कार्यालय खोलने की भी घोषणा की गई है। भिवाड़ी की जनसंख्या को देखते हुए लोगों को स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ी राहत मिलने वाली है। इसके साथ ही भिवाड़ी की आईटीआई को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में भी अपग्रेड किया जाएगा। वहीं तिजारा के ग्वालदा में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमोन्नत करने की घोषणा की गई है। जिससे बड़े तबके को स्वास्थ्य की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो पाएंगी।