राजस्थान में फूड सेफ्टी में अजमेर अव्वल ईट राइट चैलेंज-2 में देशभर में मिला 27वां स्थान, मिलेगा 5 लाख का पुरस्कार
राजस्थान से अजमेर, जयपुर प्रथम, जयपुर द्वितीय, बीकानेर, जोधपुर, कोटा, उदयपुर एवं भरतपुर जिलों ने भाग लिया
गत वर्ष भारत सरकार की संस्था फूड सेफ्टी एण्ड स्टैण्डर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा देशभर में चलाए गए ईट राइट चैलेंज-2 में राष्ट्रीय स्तर पर 260 जिलों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता का परिणाम एफएसएसआई, नई दिल्ली ने जारी किया है। इसमें अजमेर ने देशभर में 27वी रैंक और राजस्थान में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। राजस्थान से अजमेर, जयपुर प्रथम, जयपुर द्वितीय, बीकानेर, जोधपुर, कोटा, उदयपुर एवं भरतपुर जिलों ने भाग लिया था।
सीएमएचओ डॉ. अनुज पिंगोलिया ने बताया कि संपूर्ण देश में कोयंबटूर को प्रथम और भोपाल को द्वितीय रैंक प्राप्त हुई है। अजमेर 27वी रैंक और जयपुर प्रथम 46वी रैंक के साथ देश के प्रथम 50 जिलों में स्थान प्राप्त करने में सफल हुए हैं। प्रतियोगिता में फूड लाइसेंस रजिस्ट्रेशन की संख्या को बढ़ाना, खाद्य नमूना संग्रहण, मिलेट रेसिपी, ईट राइट कैंपस, ईट राइट स्टेशन प्रमाणन,भोग प्रमाणन एवम् अन्य नवाचारों के 200 अंक निर्धारित थे। इसमें से अजमेर ने 138 अंक प्राप्त किए हैं। फूड सेफ्टी टीम द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों पर कैंप आयोजित कर फूड लाइसेंस का लक्ष्य, खाद्य व्यापारियों को प्रशिक्षण,मिलेट्स आधारित नवाचार,खाद्य नमूनों के संग्रह एवम् पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लक्ष्य को शत प्रतिशत हासिल किया गया।


