सेकेंड हैंड कार खरीदने पर महिला से धोखाधड़ी लोन बकाया होने के बावजूद बेची कार, शोरूम मेनेजर व कार की पहली मालिक महिला के खिलाफ FIR

सेकेंड हैंड कार खरीदने पर महिला से धोखाधड़ी लोन बकाया होने के बावजूद बेची कार, शोरूम मेनेजर व कार की पहली मालिक महिला के खिलाफ FIR

अजमेर के शो-रूम से सेकेंड हैंड कार खरीदना महिला को महंगा पड़ गया। कार पर लोन होने के बावजूद महिला को बेच दी गई। लोन बकाया होने पर कार सीज कर ली गई। महिला ने शो-रूम मैनेजर व कार मालिक महिला के खिलाफ धोखाधड़ी कर राशि हड़पने के आरोप में सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज कराया है।

पुलिस के अनुसार अजमेर के दौलत बाग रोड, गंज निवासी प्रियंका माहौर ने रिपोर्ट देकर बताया कि उसे एक पुरानी कार खरीदनी थी। इसके लिए महिला ने री-सेल कार बेचने वाले शोरूम राजवंश ऑटो व्हील्स प्रा.लि. अजमेर के मैनेजर प्रवीण से सम्पर्क किया। तब प्रवीण ने उसे एक कार रेडीगो दिखाई। उसने बताया कि यह कार वह उसे 88 हजार रूपए के डाउन पेमेंट और 5553 रुपए की 36 किश्तों पर बेच सकता है। इस कार पर किसी भी अन्य व्यक्ति या कंपनी से कोई फाइनेंस नहीं है।

कार जो सीज कर ली गई।
कार जो सीज कर ली गई।

इसके बाद प्रवीण की बात पर विश्वास करके अलग अलग डेट में 88 हजार का भुगतान कर दिया गया। इसके बाद राशन कार्ड, पैनकार्ड व आधार कार्ड तथा फोटो व पांच खाली चैक साइन किए। फिर उसे कार सौंप दी। इसके बाद महिला कार चलाती रही। शोरूम को मासिक किश्त डेटसन फाइनेंस के जरिए देती रहीं। इसके लिए कुल 13 किश्तें अदा कर दी। इसी बीच जब-जब प्रवीण से उक्त गाड़ी के इंश्योरेंस एवं रजिस्ट्रेशन की मांग की तो प्रवीण टालता रहा।

गत 4 फरवरी को जब वह कार से नगरा अजमेर से लौट रही थी, तब फाइनेंस कम्पनी के चार पांच लोगों ने कार को रोक लिया। कार से उतार कर बदतमीजी की। कार जबरन ले लाने लगे। जब कार ले जाने का कारण पूछा तो उक्त रिकवरी के लोगो ने यह बताया कि उक्त कार मोनिका साहनी पत्नी शिव साहनी, पालबीचला, अजमेर के नाम से पूर्व में महिन्द्रा एण्ड महिंद्रा फाइनेंस सर्विसेज अजमेर के नाम पर लोन पर है और मोनिका ने किश्तें नहीं चुकाई है। वे कार को लेकर चले गए।

दूसरे दिन प्रवीण से उसके शोरूम पर सम्पर्क किया। उससे सारी बातें बताई तो महिला व उसके पति के साथ बदतमिजी की। उन्हें शोरूम से जाने के लिए कहा। सिविल लाइंस थाने की एक महिला कॉन्सटेबल और दो सिपाहियों को बुलाकर महिला व उसके पति को गिरफ्तार करने के लिए कहा। प्रवीण और मोनिका साहनी ने एक सोची समझी साजिश कर धोखाधड़ी की और लोन के बावजूद कार बेच दी। कार्रवाई की जाए। पुलिस ने कार मालिक व शो रूम मेनेजर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।