जयपुर: हाईकोर्ट में आज सियासी केसों की सुनवाई का दिन, होटलों में रुके विधायकों के वेतन रोकने पर भी आ सकता है फैसला
जयपुर: हाईकोर्ट में मंगलवार को सीएम अशोक गहलोत व सचिन पायलट खेमे के होटलों में रुके हुए विधायकों के वेतन-भत्ते रोकने से जुड़े और विधायक भंवरलाल द्वारा एसओजी में दर्ज एफआईआर को रद्द कराने के मामले में सुनवाई होगी। राज्यपाल द्वारा विधानसभा का सत्र नहीं बुलाने को चुनौती देने की पीआईएल पर सुनवाई होगी।
प्रार्थी विवेकसिंह जादौन ने विधायकों के होटलों में रुकने को चुनौती दी है कि कोरोना संक्रमण के चलते प्रदेश में वित्तीय हालात सही नहीं है। फिर भी विधायक अपने क्षेत्रों में नहीं जा रहे और निजी कारणों से होटलों में रुके हुए हैं। वे विधायी कार्य नहीं कर रहे। उन्हें वेतन-भत्तों का भुगतान क्यों दिया जाए? एक पार्टी के नेताओं के विवाद में आमजन के धन का दुरुपयोग नहीं होना चाहिए। याचिका में सीएम सहित विधानसभा स्पीकर, विधानसभा सचिव व मुख्य सचिव को पक्षकार बनाया है। राज्यपाल द्वारा विधानसभा का सत्र नहीं बुलाए जाने से जुड़े मामले में भी एक अन्य जनहित याचिका पर सुनवाई होगी।


