चूड़ी मार्केट में आग से करोड़ों का नुकसान, नगर परिषद ने दुकानें गिराने के लिए नोटिस चस्पा किया
- 14 दमकलाें ने लगाए 160 फेरे, आग लगने से एक दुकान की छत गिर गई, जबकि तीन दुकानाें की बिल्डिंग काे नुकसान पहुंचा
- चूड़ी मार्केट में पहले हुई आग की घटनाएं- 2013 में : जैन आर्ट दुकान, 26 अप्रैल 2019 : ऋद्धि सिद्धि काॅम्प्लैक्स
14 नवंबर को दिवाली की शाम करीब 7 बजे चूड़ी मार्केट में आग लग गई। आग से तीन मंजिला अग्रवाल साड़ी सदन कॉॅम्प्लैक्स में स्थित 10 दुकानों सहित कुल 15 दुकानें जलकर राख हो गई। आग लगने से करीब 1 कराेड़ 85 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। सबसे अधिक करीब एक करोड़ रुपए का नुकसान अग्रवाल सदन काॅम्प्लैक्स में स्थित दुकानाें में हुआ है। तीसरे दिन 16 नवंबर की दाेपहर करीब 3 बजे तक आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा सका।
दमकल की टीमों ने 15 नवंबर की सुबह 6.30 बजे आग पर काबू पा लिया था, लेकिन इसके बाद भी दुकानाें के अंदर से धुआं और लपटें उठती रही। 15 नवंबर की रात 12 बजे दमकल की गाड़ियां माैके से हटा ली गई लेकिन 16 नवंबर की दाेपहर करीब 2 बजे एक दुकान में से धुआं व आग की लपटें निकलने पर फिर से माैके पर दमकल गाड़ी भेजी गई।
14 नवंबर को रातभर आग लगने के कारण धमाकाें की आवाज आती रही। दुकानदार बेबस हाेकर अपनी आंखाें के सामने अपनी दुकानों को आग में जलते हुए देखते रहे। आग लगने से एक दुकान की छत गिर गई, जबकि तीन दुकानाें की बिल्डिंग गिराऊ हाे गई है। आग लगने की सूचना पर मौके पर दुकानदारों व अन्य लोगों की भीड़ जुट गई।
एसपी तेजस्वनी गाैतम, एडीएम प्रथम रामचरण शर्मा, एएसपी मुख्यालय शिवलाल बैरवा, नगर परिषद आयुक्त साेहन सिंह नरूका, नगर परिषद सभापति बीना गुप्ता, शहर विधायक संजय शर्मा, पूर्व विधायक बनवारी लाल सिंघल भी माैके पर पहुंचे। अग्निकांड वाले स्थल की ओर आने वाली सभी सड़कें आम लाेगाें के लिए बंद कर वहां पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। कुछ लोग दिवाली पूजन के दीपक से आग लगना बता रहे हैं तो कुछ का कहना है कि शाॅर्ट सर्किट की वजह से आग लगी। आग को बुझाने में करीब 45 घंटे का समय लगा। आग पर काबू पाने के लिए 14 दमकलाें ने 160 फेरे लगाए। इससे पहले भी 26 अप्रैल 2019 को चूड़ी मार्केट स्थित ऋद्धि सिद्धि काॅम्प्लैक्स में आग लगी थी।
इन दुकानाें में लगी आग
काला कुआं निवासी देवेंद्र ने बताया कि चूड़ी मार्केट स्थित अग्रवाल साड़ी सदन काॅम्प्लैक्स की जिन 10 दुकानाें में आग लगी हैं, उनके प्राेपराइटर उसके चाचा मुसददी लाल अग्रवाल हैं। ये सभी दुकानें साड़ियाें की हैं। हिंदू पाड़ा माेहल्ला निवासी महेश अग्रवाल की अग्रसेन साड़ी, भीकम सैयद माेहल्ला निवासी अशाेक की माॅडर्न साड़ी, काला कुआं कालाेनी निवासी नीरज अग्रवाल की साड़ी की दुकान, जाल वाला कुआं माेहल्ला निवासी संजय गाेयल की गाेयल मैचिंग के अलावा यतिका साड़ी सेंटर में आग लगने से नुकसान हुआ है।
- आग लगने से अग्रवाल साड़ी सदन काॅम्प्लैक्स सहित कई दुकानाें की बिल्डिंग गिराऊ हाे गई है। जिससे जान-माल काे खतरा पैदा हाे गया है। यहां पर नोटिस चस्पा कर दिए गए हैं। इन्हें अपने आप गिरानी होंगी। जिन दुकानाें में आग लगी है उन्हाेंने फायर एनओसी नहीं ले रखी है। गली सकरी और दुकानें आपस में सटी हाेने के कारण आग पर काबू पाने में परेशानी हुई। - साेहन सिंह नरूका, आयुक्त नगर परिषद
- सूचना मिलते ही बिजली बंद करने में हमने देरी नहीं की। दुकान की वायरिंग में आग लगने से स्पार्किंग हुई है। बिजली के पाेल से जाने वाली लाइन पूरी तरह सुरक्षित है। लाइन में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। - अकबर सिंह, एईएन जयपुर विद्युत वितरण निगम
श्रम राज्य मंत्री टीकाराम जूली ने लिया जायजा
श्रम राज्य मंत्री टीकाराम जूली साेमवार शाम काे चूड़ी मार्केट पहुंचे। उन्होंने व्यापारियाें से कहा कि वे मुख्यमंत्री से मिलकर अार्थिक मदद दिलाने का प्रयास करेंगे। राज्य सरकार काे प्रस्ताव भेजने के लिए कलेक्टर से बात करेंगे। उनके साथ नगर परिषद सभापति बीना गुप्ता, कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष याेगेश मिश्रा, संजीव सिंह बारेठ, कमलेश सैनी, नगर परिषद अायुक्त साेहन सिंह नरूका भी माैजूद थे।
अतिक्रमण के लिए व्यापारी खुद जिम्मेदार
चूड़ी मार्केट व्यापार संघ के अध्यक्ष रिंकू अराेड़ा का कहना है कि चूड़ी मार्केट में सबसे बड़ी समस्या अतिक्रमण है। अाग लगने पर दमकल गाड़ियाें काे परेशानी हाेती है। अतिक्रमण के लिए दुकानदार खुद जिम्मेदार हैं। कुछ दुकानदारों ने खुद को अतिक्रमण कर ही रखा है, लाेगाें के चलने के लिए बनी सरकारी पटरी काे भी किराए पर दे रखा है। प्रशासन काे चाहिए कि अतिक्रमण करने वालाें के खिलाफ कार्रवाई करे।


