अलवर में राह चलते मोबाइल छीनने वाले बाइकर्स का आतंक:दो दिन में तीन वारदातें; भाई-बहन के फोन पार, मामला दर्ज
अलवर शहर के नया बास सर्किल पर रूम लेकर कॉम्पिटिशन की तैयारी कर रहे कठूमर निवासी भाई बहन के मोबाइल दो दिन में सड़क पर बाइक सवार छीनकर ले गए। पीड़ित युवक ने पुलिस में मामला दर्ज कराया है। पीड़ित विकास चौधरी ने बताया कि 13 फरवरी की शाम वह ई-मित्र की शॉप जाकर लौट रहा था। हाथ में मोबाइल था। तभी बीएल पब्लिक स्कूल के पास दो युवक बाइक पर आए और झपट्टा मार कर मोबाइल छीन ले गए।
विकास ने बताया कि एक दिन पहले ही उसकी बहन सोनाली चौधरी का भी मोबाइल बदमाश छीन ले गए थे। बहन का मोबाइल नयाबास सर्किल के पास से छीना गया था। दोनों जगह बाइक पर दो युवक आए थे। अरावली विहार पुलिस को शिकायत दर्ज करा दी है। एक-दो जगहों से बदमाशों के फुटेज भी सामने आए हैं।
कॉम्पीटिशन की तैयारी कर रहे
विकास ने बताया कि दोनों भाई-बहन अलवर में नयाबास सर्किल के पास रूम लेकर रहते हैं। दिन में कोचिंग व लाइब्रेरी जाते हैं। आत-जाते समय ही मोबाइल छीनने की घटना हुई है। दोनों भाई-बहन ने अरावली विहार थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
मौजपुर हाउस के पास माेबाइल लूटा
अरावली विहार थाने में तीसरे युवक ने भी रिपोर्ट दी है कि उसका दो दिन पहले मारपीट कर मोबाइल लूट ले गए। युवक ने बताया कि वह दुकान का सामान ई-रिक्शा में लेने जा रहा था। तभी एक बाइक पर तीन जने आए। आते ही मारपीट कर ने लगे। इसके बाद मोबाइल लूट कर भाग गए। यह रिपोर्ट भी थाने में दर्ज हुई है।
Naresh Chouhan 

