ब्यूटी पार्लर में प्यार, अब कोर्ट से गुहार शादी के 15 दिन बाद युवती मायके लौटी, पति पर किया दुष्कर्म का केस; हाईकोर्ट ने रोकी पति की गिरफ्तारी

ब्यूटी पार्लर में प्यार, अब कोर्ट से गुहार शादी के 15 दिन बाद युवती मायके लौटी, पति पर किया दुष्कर्म का केस; हाईकोर्ट ने रोकी पति की गिरफ्तारी

ब्यूटी पार्लर संचालक और उसके यहां काम करने वाली एक युवती के बीच प्यार परवान चढ़ा तो दोनों ने शादी कर ली। पर यह प्यार केवल 15 दिन ही कायम रह पाया। युवती ने 15 दिन बाद ही पार्लर संचालक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज करवा दिया। राजस्थान हाईकोर्ट ने सोमवार को पार्लर संचालक की याचिका पर सुनवाई करते हुए उसकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी।

चांदपोल निवासी ईश्वर सैन जोधपुर में अपना एक पार्लर चलाता है। उसके यहां एक युवती भी काम करती थी। दोनों के बीच प्यार हो गया। दोनों ने आपसी रजामंदी से पिछले साल 14 दिसम्बर को आर्य समाज मंदिर में विवाह कर लिया। पंद्रह दिन तक ईश्वर के साथ रहने के बाद उसकी पत्नी मायके चली गई। इसके बाद वह लौट कर पति के घर नहीं आई।

पत्नी ने 1 जनवरी को चौपासनी हाउसिंग बोर्ड पुलिस थाने में अपने साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला दर्ज करवाया। इसके बाद पुलिस ने युवती की मेडिकल जांच करवाई और उसके बयान भी दर्ज करवाए। वहीं इस मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए ईश्वर हाईकोर्ट की शरण में पहुंचा। न्यायाधीश पुष्पेन्द्र सिंह भाटी ने दोनों पक्षों की दलील सुनने के पश्चात ईश्वर की गिरफ्तारी पर अग्रिम आदेश तक रोक लगा दी। साथ ही आठ सप्ताह बाद होने वाली अगली सुनवाई से पहले पुलिस और दूसरे पक्ष से जवाब मांगा है।