जागरुकता अभियान बाइक रैली निकाल किया आमजन को जागरूक, रिफ्लेक्टर भी लगाए

जागरुकता अभियान बाइक रैली निकाल किया आमजन को जागरूक, रिफ्लेक्टर भी लगाए

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अन्तर्गत आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए परिवहन विभाग द्वारा डीग कस्बे में बाइक रैली का आयोजन किया गया। प्रादेशिक परिवहन अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा डीग कस्बे के उप-परिवहन कार्यालय डीग से अग्रसेन सर्किल तक बाइक रैली का आयोजन किया गया।

बाइक सवार रैली में सड़क सुरक्षा के स्लोगन लगी तख्तियों द्वारा आमजन को यातायात नियमों का संदेश दे रहे थे। रैली को तहसीलदार अशोक शाह एवं परिवहन उपनिरीक्षक वीकेश सिंह ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। रैली में लगभग 30 बाइक सवारों ने भाग लिया। परिवहन उपनिरीक्षक वीकेश सिंह ने बताया कि डीग कस्बे में आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बाइक रैली के साथ -साथ सड़क सुरक्षा की सम्पूर्ण जानकारी वाले ब्रोशर का वितरण किया तथा 23 गैर मोटरचलित वाहनों पर रिफलेक्टर भी लगाया गया।

वीकेश सिंह ने यातायात नियमों का पूर्ण पालन करने व हैलमेट, सीटबैल्ट, यातायात संकेतों इत्यादि के महत्व के बारे में बतलाया। कार्यक्रम में सूचना सहायक अमित गुप्ता व कनिष्ठ सहायक विकास डागुर उपस्थित रहे। जिला परिवहन अधिकारी सुधीर बंसल ने बताया कि शहर में आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय सड़क सुरक्षा प्रदर्शनी लगाई गयी है, जिसमें यातायात नियमों के बारे में जानकारी के साथ-साथ प्राथमिक चिकित्सा एवं गुडसेमेरिटन को प्रदत्त अधिकारों के बारे में बतलाया गया है।

आमजन इस प्रदर्शनी का अवलोकन करें जिससे उन्हें यातायात नियमों के बारे में महत्तवपूर्ण जानकारी मिल सके। 16 फरवरी को परिवहन विभाग के उड़नदस्तों द्वारा प्रवर्तन कार्यवाही के साथ-साथ गैर मोेटरचलित वाहनों पर रिफलेक्टर लगाने की कार्रवाई की जाएगी।