जोधपुर नैशनल यूनिवर्सिटी के पूर्व चेयर मैन मेहता की 12.98 करोड़ की सम्पत्ति कुर्क

जोधपुर नैशनल यूनिवर्सिटी के पूर्व चेयर मैन मेहता की 12.98 करोड़ की सम्पत्ति  कुर्क

*प्रवर्तन निदेशालय ने जोधपुर नेशनल यूनिवर्सिटी के पूर्व चेयरमैन कमल मेहता की 12.98 करोड़ की सम्पत्तियां कुर्क की हैं.*
प्रवर्तन निदेशालय के क्षेत्रीय कार्यालय जयपुर ने मेहता के जयपुर, जोधपुर और दिल्ली में स्थित चल-अचल सम्पत्तियों को कुर्क किया है. प्रकरण में ईडी की जांच कार्रवाई अभी भी जारी है. प्रवर्तन निदेशालय ने यह कार्रवाई एसओजी की प्राथमिक रिपोर्ट के आधार पर शुरू की थी. एसओजी जयपुर ने जोधपुर नेशनल यूनिवर्सिटी के चेयरमैन कमल मेहता के खिलाफ 17 दिसंबर 2014 को मुकदमा दर्ज किया था. फर्जी तरीके से छात्रों को डिग्री और मार्कशीट बांटने के मामले में एसओजी ने मामला दर्ज किया था. जिसके आधार पर 8 जुलाई 2015 को प्रवर्तन निदेशालय ने प्रकरण दर्ज किया था.
फर्जी डिग्री बांटने से जुटाई 22.3 करोड़ राशि:
कमल मेहता, जो कि कुशल एजुकेशन ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी हैं, ने वर्ष 2008 में जोधपुर नेशनल यूनिवर्सिटी की स्थापना की थी. अवैध रूप से पैसा कमाने के लिए कमल मेहता ने चार राष्ट्रीय समन्वयकों की नियुक्ति की थी. इनकी नियुक्ति विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार के मार्फत फीस, फॉर्म जमा करने और परीक्षाओं के आयोजन के उद्देश्य से की थी. इन राष्ट्रीय समन्वयकों ने देश के विभिन्न शहरों में केन्द्र और उप केन्द्र खोले, जिन्हें खोलने के लिए यूजीसी से अनुमति नहीं ली गई. इन केन्द्रों के जरिए छात्रों को फर्जी डिग्री-मार्कशीट बांटने का खेल चला. ईडी ने जांच में पाया है कि इन केन्द्रों के जरिए कमल मेहता को 22.3 करोड़ रुपए की अवैध कमाई हुई.
कुल 25003 छात्रों को की गई थीं डिग्री-मार्कशीट जारी:
इसे जेएनयू, कुशल एजुकेशन ट्रस्ट, सूर्य नगरी एजुकेशन सोसायटी और अन्य संस्थाओं के जयपुर व जोधपुर में स्थित खातों में जमा करवाया गया था. जांच में यह भी सामने आया कि कमल मेहता ने जेएनयू के नाम पर फर्जी डिग्री या मार्कशीट बांटने के लिए जयपुर में एक अलग कार्यालय खोला था और वर्ष 2010 से 2014 के दौरान कुल 25003 छात्रों को डिग्री- मार्कशीट जारी की गई थीं. 


21.51 करोड़ की चल-अचल सम्पत्तियां अब तक कुर्क की गई:
ईडी ने जांच के आधार पर कमल मेहता, कुशल एजुकेशन ट्रस्ट और अन्य जुड़ी 12.98 करोड़ मूल्य की सम्पत्तियों को कुर्क किया है. इसके तहत जोधपुर, जयपुर और दिल्ली में 12 फ्लैट, 3 प्लॉट, 1 बिल्डिंग और 31 बीघा कृषि भूमि को कुर्क किया गया है. इससे पहले ईडी कमल मेहता की 8.53 करोड़ की सम्पत्तियों को कुर्क कर चुकी है. कुल मिलाकर मेहता की 21.51 करोड़ की चल-अचल सम्पत्तियों को कुर्क किया जा चुका है. ईडी की इस पूरे मामले में जांच अभी जारी है