सरकारी पैसा गबन में पूर्व महिला सरपंच गिरफ्तार ग्राम पंचायत के अकाउंट से निकाले थे पैसे, सेक्रेटरी की शिकायत पर हुई गिरफ्तार
भरतपुर की कामां थाना पुलिस ने ग्राम पंचायत के अकाउंट से धोखाधड़ी कर पैसे गबन करने के मामले में बोलखेड़ा की पूर्व सरपंच को गिरफ्तार किया है। महिला सरपंच ने ग्राम पंचायत के अकाउंट में गड़बड़ी कर उससे 2 लाख 15 हजार रुपये का गबन कर लिया था। मामला दर्ज होने के बाद आज पुलिस ने आरोपी पूर्व सरपंच को गिरफ्तार कर लिया।
24 जून 2021 को ग्राम पंचायत के सेक्रेटरी इंदर सिंह ने बोलखेड़ा की पूर्व सरपंच सुनीता के खिलाफ ग्राम पंचायत के पैसे के गबन का मामला दर्ज करवाया था। सुनीता ने जिस समय गबन किया वह उस समय सरपंच के पद पर भी नहीं थी। सुनीता ने ग्राम पंचायत के अकाउंट से धोखाधड़ी कर 2 लाख 15 हजार रुपये निकाल लिए। सेक्रेटरी की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की तो आरोप सही पाया गया। जिसके बाद पुलिस ने आज महिला सरपंच को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी पूर्व सरपंच से पूछताछ कर रही है। जिससे पता लग सके की इस धोखाधड़ी में कोई और तो शामिल नहीं है।


