नम्रता सेठ ने कहा- जोया अख्तर का सिनेमा पसंद, दिल से उनके साथ काम करने की ख्वाहिश है
एक्ट्रेस नम्रता सेठ हाल ही में ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो की सीरीज 'गिल्टी माइंड्स' में वकील शुभांगी खन्ना की भूमिका में नजर आईं। दैनिक भास्कर से खास बातचीत में उन्होंने इस सीरीज में एंट्री पाने, अपने करियर गोल्स और अपकमिंग प्रोजेक्ट्स पर खुलकर चर्चा की है।
'गिल्टी माइंड्स' में एंट्री की क्या कहानी है, कैसे आपको ये शो अप्रोच हुआ?
मेरा किरदार इसमें एक वकील का है। मैं उन दिनों कई प्रोजेक्ट्स के लिए ऑडिशन कर रही थी। कई जगह किन्हीं कारणों से मेरा सेलेक्शन नहीं हो पाता था। तभी मेरे पास 'गिल्टी माइंड्स' के मेकर्स का कॉल आया। सीरीज शुरू होने में 15 दिन ही बचे थे। शुभांगी का किरदार अभी तक लॉक नहीं हो पाया था। मुझे ऑडिशन के लिए बुलाया गया। मैंने वहां अपना बेस्ट दिया और रिक्शे से घर लौट ही रही थी कि मुझे प्रोड्यूसर नावेद जी का फोन आया कि आप सेलेक्ट हो गई हैं।
सीरीज में आपके किरदार के बारे में कुछ बताएंगी? इसके लिए क्या तैयारियां की?
मेरा किरदार शुभांगी हॉवर्ड लॉ स्कूल से पढ़ाई करके अभी लौटी है। वह अपने फैमिली फर्म में काम शुरू करती है। वह बहुत यंग है। उसे एक्साइटमेंट की फर्म के सबसे टॉप लॉयर दीपक राणा (वरुण मित्रा) के साथ काम करने का मौका मिला है। इस किरदार की तैयारी के लिए मैं मुंबई हाईकोर्ट गई थी। हमारी डायरेक्टर शेफाली भूषण जी की फैमिली में सभी लॉयर हैं, तो उनसे भी काफी कुछ टिप्स मिलीं।
'गिल्टी माइन्ड्स' की शूटिंग से जुड़ा कोई खास अनुभव शेयर करेंगी?
मैं असल में सेट पर हर दिन कुछ न कुछ सीखती थी। सीरीज में कुलभूषण खरबंदा, सतीश कौशिक, वीरेंद्र सक्सेना जैसे कई सीनियर कलाकार है, जिनसे हर रोज कुछ सीखने को मिलता था। मेरे कई सीन कुलभूषण जी के साथ थे, जो मेरे दादा जी का किरदार प्ले कर रहे हैं। उनको मैंने कई फिल्मों में देखा था, मेरे पैरेंट्स और ग्रैंड पैरेंट्स तक उन्हें देखते आए हैं। इसलिए मेरे लिए उनके सामने परफॉर्म करना बड़ी बात थी।
आपका ड्रीम रोल क्या है, किस एक्टर-डायरेक्टर के साथ काम करने की ख्वाहिश है?
मेरी ड्रीम लिस्ट में बहुत सारे एक्टर-डायरेक्टर्स हैं। मैंने उनकी एक लिस्ट भी बनाई है। अगर मुझे उनके साथ काम करने का मौका मिला तो मैं बिल्कुल नहीं छोड़ूगी। हां, इनमें से किसी एक का नाम लेना हो तो मैं जोया अख्तर का नाम लेना पसंद करूंगी। उनकी पहली ही फिल्म देखकर मैंनेे डिसाइड किया था कि उनके साथ तो जरूर काम करना है। वे ह्यूमन इमोशन को बेहतरीन तरीके से पेश करती हैं। जिस तरह का सिनेमा वो बनाती है वह मुझे पसंद है। आई फील की ड्रीम रोल कोई एक तो नहीं है, हर किरदार जो मुझे मिलता है या मिलेगा उसमें कुछ न कुछ ऐसा जरूर निकलेगा जो आपको उस रोल को लार्ज बनाने पर मजबूर करेगा। निजी तौर पर कहूं तो मुझे ग्रे कैरेक्टर पसंद हैं। कोई ऐसा रोल ऑफर हुआ तो जरूर करूंगी।
किसी भी किरदार की स्किन में उतरने के लिए आपकी क्या प्रोसेस रहती है?
आई थिंक पहले तो स्क्रिप्ट पढ़कर कैरेक्टर का फील समझती हूं। फिर मेरे लिए सबसे बड़ी बात ये है कि डायरेक्टर के माइंड का समझना कि उन्हें इस कैरेक्टर से कैसी डिमांड है। वे इसमें क्या इनपुट चाहते हैं। अगर डायरेक्टर नहीं तो राइटर से बात करके समझना कि उन्होंने किस मोटिव, किस फील के साथ ये कैरेक्टर लिखा है। उसका एसेंस क्या है। स्क्रिप्ट का ग्राफ भी जानना जरूरी है।
आगे आपके किन वेब सीरीज या फिल्मों में नजर आएंगी?
एक्चुअली मेरा एक शो सोनी लिव पर आएगा, जो अभी अनाउंस नहीं हुआ है। शायद उसे आने में तीन-चार महीने लगें। इसके अलावा मेरा नेटफ्लिक्स के लिए एक शो है 'ईटरनली कन्फ्यूज्ड एंड ईगर फॉर लव' जो आना है। होपफुली 'गिल्टी माइंड्स' देखकर और प्रोजेक्ट मिलें। मुझे लगता है कि वेब सीरीज सभी देखते हैं। यहां लीड के अलावा सपोर्टिंग को भी पैरलल देखा जाता है। स्क्रीन टाइम भी मिल जाता है। इंडस्ट्री के लोग भी एक्टर्स की एक्टिंग देखकर उन्हें अप्रोच करते हैं। इसलिए यहीं कहूंगी कि ये बहुत अच्छा प्लेटफॉर्म है, जो ग्रो कर रहा है और यहां एक्टर्स को बड़े मौके मिल रहे हैं।
करियर को लेकर क्या गोल है?
फिलहाल इतना ही गोल है कि मेरा काम देखकर मुझे और काम मिले।


