युवती को कोटा बुलाकर दुष्कर्म, गिरफ्तारी पर थाने में आत्महत्या की कोशिश, डबोक थाने में हाई वोल्टेज ड्रामा, आईओ से मारपीट
डबोक थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपना नाम बदलकर युवती से दोस्ती की। फिर उसे कोटा बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में जब युवती को दस्तयाब कर और आरोपी को पकडक़र पुलिस लेकर आई तो युवक ने थाने में हंगामा किया और जांच अधिकारी से मारपीट कर आत्महत्या का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार युवती के पिता ने गत दिनों गुमशुदगी दर्ज करवाई गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की तो पता चला कि युवती कोटा में है। टीम कोटा से युवती को एक फ्लैट से और युवक को भी पकड़कर थाने लाई। गुमशुदगी मामले की जांच अधिकारी एएसआई इस युवती से पूछताछ कर इसके बयान नोट कर रही थी। युवती ने बताया कि आरोपी जाहिद पुत्र निजाम मोहम्मद निवासी गोविन्दपुरा, उद्योगनगर से उसका सम्पर्क 4 माह पूर्व हुआ था। उसने अपना नाम कमलेश बताया था।
आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे कोटा बुलाया। युवती पहुंची तो आरोपी उसे एक फ्लैट में ले गया, जहां से कोर्ट ले गया और कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए थे। इसके बाद फिर से फ्लैट पर ले गया और दुष्कर्म किया। युवती ने बताया कि इसी दौरान फ्लैट पर आरोपी की बहन आई थी, जो बुर्का पहने थी। फिर पता चला कि कमलेश का असली नाम जाहिद है। तभी पुलिस आ गई। जांच अधिकारी एएसआई सुनीता पीडि़ता से बयान ले रही थी, तभी जाहिद ने थाने के अनुसंधान कक्ष में हंगामा कर दिया।
आईओ को बाहर कर उसने कमरा अंदर से बंद कर लिया। वह कांच फोड़ रहा था। उसके खुद के साथ अनहोनी की आशंका पर पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तब तब आरोपी ने ट्यूबलाइट को तोड़कर उसके डंडे को तोड़कर खुद के पेट पर और सीने पर मार रहा था, जिसे बड़ी मशक्कत से काबू में किया और चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।


