ठगी के नए-नए रूप: व्हाट्सएप की डीपी में फोटो लगाकर मांग रहे रुपए

ठगी के नए-नए रूप: व्हाट्सएप की डीपी में फोटो लगाकर मांग रहे रुपए

पंचायत समिति प्रधान, पुलिस अधिकारी और अधिवक्ता के भी फोटो लगाकर परिचितों से मांगे रुपए

. इन दिनों सोशल मीडिया पर डीपी लगाकर मोबाइल हैक कर धोखाधड़ी के मामले काफी बढ़ गए है। दो दिनों में अरनोद प्रधान, एएसआई और एक अधिवक्ता का फोटो अनजान नंबर पर व्हाट्सएप की डीपी लगाकर मैसेज के जरिए रुपए की मांग की गई। हालांकि लोगों की जागरूकता के चलते कोई भी व्यक्ति ठगी का शिकार नहीं हो पाया। लेकिन इस तरह से हो रहे फ्रॉड को देखते हुए पुलिस की ओर से भी लोगों को सावचेत रहने की अपील की गई है। गौरतलब है कि इस तरह से फ्रॉड करने वाले बदमाश पूरा मोबाइल हैक कर लेते है। जिससे मोबाइल व गुगल में जो भी नंबर सेव होते है, उनको व्हाट्सएप , फेसबुक आदि से रुपए की मांग की जा रही है।
कई बार लोग झांसे को समझ नहीं पाते है और अकाउंट में रुपए भी डाल देते है। जबकि वास्तविकता की जानकारी होने पर पछतावा के अलावा कुछ नहीं होता है। इस प्रकार के मामले पुलिस में दर्ज भी हो रहे है। गत दिनों से इस प्रकार के बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस की ओर से ऐसे फ्रॉड मैसेज से सावधान रहने की सलाह दी है। इस संबंध में बचाव के लिए अपील भी जारी की गई है।
केस नंबर एक
जिले के अरनोद प्रधान समरथ मीणा का फोटो लगाकर रुपए की मांग की गई। इस पर प्रधान के सम्पर्क में आए लोगों ने जागरुकता दिखाई व प्रधान से फोन पर बात की। जिससे वास्तविकता सामने आई। ठग से अपने मोबाइल के नंबर पर प्रधान मीणा का फोटो लगाया। इसके बाद कई लोगों को वाट््सअप मैसेज कर परेशानी बताते हुए रुपए की मांग की गई। इस पर जिनसे भी रुपए की मांग की, उन्होंने फ्रॉड की जानकारी होने पर सभी सोशल प्लेटफॉर्म के ग्रुपों में मैसेज चलाया। जिसमें रुपए नहीं देने के लिए सावचेत किया गया।
केस नंबर दो
छोटीसादड़ी पुलिस उप अधीक्षक कार्यालय में तैनात एएसआई भंवरलाल का फोटो और मोबाइल नंबर हैक कर लिए गए। ठग ने अपने मोबाइल नंबर पर एएसआई की फोटो लगाई। इसके बाद कई लोगों को वाट््सअप मैसेज कर आवश्यकता बताते हुए तत्काल ही रुपए मांगे। जिसमें किसी से पांच, किसी से दस किसी से २० हजार रुपए तक मांगे गए। हालांकि इसकी जानकारी एएसआई को मिलते ही सभी सोशल प्लेटफॉर्म पर इस संबंध में मैसेज चलाया। जिसमें डीपी लगाकर अनजान द्वारा रुपए की मांग करने के बारे में बताया गया।
केस नंबर तीन
अधिवक्ता व कांग्रेस पार्टी के चूपना मंडल अध्यक्ष राजेन्द्रङ्क्षसह झाला के नाम से व्हाटसएप पर प्रोफाइल फोटो लगाकर रुपए की मांग की गई। इस दौरान उनके कई जानकार लोगों को व्हाट्सएप पर मैसेज कर रुपए की मांग की जा रही है। इसे लेकर कुछ लोगों के पास व्हाट्सएप मैसेज पहुंचे। तुरंत ही अधिवक्ता झाला से सम्पर्क किया। जिस पर वास्तविकता की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट की। जिसमें अकाउंट हैक कर रुपए मांगने की जानकारी दी।
सावधान रहें, मैसेज आते ही फोन से बात करें
गत कुछ समय से इस प्रकार की धोखाधड़ी काफी बढ़ गई है। ऐसे में किसी के पास भी रुपए मांगने का मैसेज आए तो जल्दबाजी नहीं करें। इस संबंध में संबंधित से फोन से बात करें। जिससे वास्तविकता का पता चल सके। अनजान नंबर पर कोई आपके पहचान की डीपी लगाता है तो उसे तुरंत ही बताएं। अपने अकाउंट पर पासवर्ड भी चैंज करते रहे। किसी के नंबर पर फोटो देखकर रुपए नहीं डालें।
- मुकेश सोनी, पुलिस उपअधीक्षक व साइबर थाना प्रभारी, प्रतापगढ़