सरसाें तेल मिल लगाने पर अब मिलेगा 1 करोड़ रुपए का अनुदान

सरसाें तेल मिल लगाने पर अब मिलेगा 1 करोड़ रुपए का अनुदान

सरसों प्रसंस्करण इकाई लगाने पर अब एक करोड़ रुपए तक का अनुदान मिलेगा। इससे पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य बजट में 50 लाख रुपए तक के अनुदान की घोषणा की थी। राज्य सरकार ने अब 1 करोड़ रुपए तक के अनुदान का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इससे भरतपुर के तेल उद्योग को काफी बढ़ावा मिलने के साथ ही किसानों को उनकी पैदावार का उचित भाव भी मिलेगा। इस संबंध में तकनीकी शिक्षा राज्यमंत्री डाॅ. सुभाष गर्ग के नेतृत्व में भरतपुर के व्यापारी नेताओं ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को हाल ही ज्ञापन दिया था।

गर्ग ने भी सीएम से अनुदान राशि बढ़ाए जाने के संबंध में बात की थी। राज्यमंत्री डाॅ. गर्ग ने बताया कि अब दो करोड़ रुपए तक का इन्वेस्टमेंट करने पर एक करोड़ रुपए का अनुदान मिलेगा। इसका लाभ भरतपुर समेत धाैलपुर, कराैली, सवाई माधोपुर और अलवर जिले में लगने वाली इकाइयों को मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि इन जिलों में 8 लाख हैक्टेयर से अधिक इलाके में सरसों की बुवाई होती है। करीब 150 से ज्यादा तेल मिलें हैं। चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने कहा कि इससे सरसों तेल प्रसंस्करण कारोबार को गति मिलेगी। क्योंकि भरतपुर बेल्ट में बना सरसों तेल यूपी, बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में सप्लाई होता है।