चाय की थड़ी पर पिता ही छोड़ भागा था 7 महीने की बच्ची को, पत्नी का पीछा करने के लिए बेटी को छोड़ा

चाय की थड़ी पर पिता ही छोड़ भागा था 7 महीने की बच्ची को, पत्नी का पीछा करने के लिए बेटी को छोड़ा

भरतपुर शहर में अटलबंद तोप सर्किल चौराहे पर 5 फ़रवरी को एक व्यक्ति 7 महीने की बच्ची को थड़ी पर छोड़कर चला गया था। आरोपी को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बच्ची का पिता है। वह अपनी बच्ची को चाय की थड़ी पर छोड़कर फरार हो गया था।

थड़ी पर पहुंचा तो पुलिस ने दबोचा
आज व्यक्ति अपनी बच्ची को ढूंढते हुए चाय की थड़ी पर पहुंचा। तभी बुजुर्ग महिला ने पुलिस को फोन कर मौके पर बुलाया और व्यक्ति को पुलिस के हवाले कर दिया। व्यक्ति हाथरस का रहने वाला है। जिसका नाम वीरपाल है।

पति पत्नी का झगड़ा, बच्ची को छोड़ा
वीरपाल ने बताया कि उसकी शादी 12 साल पहले अंजली नाम की लड़की से हुई थी। अंजली उत्तर प्रदेश के एटा की रहने वाली है। वीरपाल ने बताया कि उसने अपनी पत्नी को एक लड़के के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया था। तब से पति पत्नी के बीच अनबन चल रही थी। वीरपाल अपनी पत्नी अंजली को लेकर अपनी बहन भरतपुर के उच्चैन थाना के नेगपुर आया था।

वीरपाल की बहन के घर भी नहीं रुकी अंजली
अंजली वीरपाल की बहन के घर पर भी नहीं रुकी। इसके बाद वीरपाल और अंजली दोनों अपने घर हाथरस जा रहे थे। इस दौरान बच्ची ने टॉयलेट कर दिया। अंजली ने अपने पति से कहा की वह बच्ची के कपड़े बदल दे। वीरपाल बच्ची के हाथ पैर धुलाने के लिए बस से नीचे उतरा। इस बीच बस चल दी। अंजली ने वीरपाल से कहा कि वह दूसरी बस से आ जाए।

पत्नी नहीं मिली तो आई बच्ची की याद ​​​​​​​
वीरपाल बच्ची को चाय की थड़ी पर रखकर बस के पीछे भागा। वीरपाल पत्नी को पकड़ने के लिए दूसरी बस में चढ़ गया लेकिन उसका कुछ पता नहीं लगा। इसके बाद आज वीरपाल बच्ची को ढूंढते हुए चाय की थड़ी पर पहुंचा। जहां बुजुर्ग महिला ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया।