ठगी का नया ट्रेंड कन्यादान लिखने में मदद के नाम पर 2 लाख ले उड़ा बदमाश...एक शादी में एएसआई बना, दूसरी में दुल्हन के भाई का दोस्त
बदमाशों का दिमाग इतना तेज चलता है कि वे ठगी का नया तरीका निकाल ही लेते हैं। ताजा मामले कन्यादान के रुपए ठगी के हैं। एक बदमाश ने तीन शादियों में परिचित होने का ड्रामा किया और कन्यादान लिखवाने में मदद का झांसा देकर 2 लाख लाख रुपए ले उड़ा। एक शादी में उसने खुद को कोतवाली थाने का एएसआई बताया, दूसरी में वह वधु के भाई का दोस्त बना, वहीं एडिशनल एसपी की भतीजी की शादी में पुलिस की वर्दी में पहुंचा।
सीसीटीवी फुटेजों में संदिग्ध का हुलिया एक जैसा है। पुलिस का भी मानना है कि करामात एक व्यक्ति की हैं। इधर, सीओ सिटी एवं ग्रामीण सतीश वर्मा ने बताया कि मैरिज होमों से सीसीटीवी कैमरों के फुटेज लिए गए हैं। आरोपी को चिन्हित कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी का पता लगा लिया जाएगा। लोगों से अपील है कि वे स्वयं भी जागरुक रहें।
केस 1..गोपाल मैरिज होम में आरएसी कर्मी की बेटी थी शादी थी
आरएसी जवान अनूप सिंह कुंतल की बेटी प्रिया की शादी 5 फरवरी को गोपाल मैरिज होम में थी। अनूप का भांजे लिंकन कन्यादान लिख रहा था तभी शाम करीब 6 बजे उसके पास पहुंचा और खुद को उसके मामाजी का परिचित बताते हुए कहा कि वह कोतवाली थाने में एएसआई है। उसने मामा का परिचय दे कन्यादान लिखने में मदद की बात कही। रात करीब 9 बजे बैग से 500-500 रुपए की गड्डी को ले गया, जिसमें 70-80 हजार रुपए थे।
केस 2: नदबई में 42 हजार रुपए और भेंट भरा बैग ले गया
परसवारा के रिटायर्ड फौजी मूलसिंह की बेटी साधना की शादी 6 फरवरी को नदबई के चौधरी मैरिज होम में थी। लक्ष्मनसिंह कन्यादान लिख रहा था। बदमाश ने खुद को वधु के भाई दीपक का दोस्त बताया और कहा कि आप थक गए होंगे, मैं कन्यादान लिखता हूं। उसके झांसे में आकर मैं कुछ खाने पीने के लिए चला गया। कुछ देर बाद लौटा तो देखा कि वह वहां नहीं था। बैग में करीब 40-42 हजार रुपए गायब थे।
केस-3 : शादी में पहुंचा और बोला-साहब से मिलना है
एएसपी पुष्पेंद्र सिंह के भाई चिचाना निवासी करतार सिंह की बेटी की शादी 22 जनवरी को मलाह के निकट स्थित पृथ्वीराज मैरिज होम में थी। करतार सिंह के मामा कन्यादान लिख रहे थे। तभी पुलिस वर्दी में एक जना पहुंचा और मामा से बोला कि साहब कहां नहीं नहीं रहे। वह बातें करते हुए उनके पास ही बैठ गया और मामा की कन्यादान लिखवाने में मदद करने लगा। दो घंटे बाद मामा पेशाब करने गए तभी वह कन्यादान के 84 500 रुपए लेकर गायब हो गया।
satveer 

