8 साल से फरार है स्थाई वारंटी, पुलिस करे गिरफ्तार; बाउंस हुए थे 7.19 लाख के चेक
एक पीड़ित ने पुलिस से आठ साल से फरार चल रहे स्थाई वारंटी को गिरफ्तार करने की गुहार लगाई है। दरअसल अपराधी ने पीड़ित काे 7.19 लाख रुपए चुकाने के लिए दिया चेक बाउंस हो गया था। जिस पर कोर्ट ने दोषी को सजा सुनाई, लेकिन अपराधी अब तक फरार है। अब इस संबंध में पीड़ित ने आईजी, कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन भेजा है।
ज्ञापन के अनुसार पुराने लक्ष्मण मंदिर के पास रहने वाले योगेश कुमार शर्मा ने गुलाल कुंड निवासी मुरारी लाल बंसल से उधार लिया था। जिसे चुकाने के लिए 7.19 लाख रुपए के दो चैक दिए। खाते में रकम नहीं होने के कारण दोनों बाउंस हो गए। एसीजेएम कोर्ट संख्या दो ने 2012 में योगेश कुमार शर्मा को मामले में दोषी पाया।
कोर्ट ने एक साल जेल और 9.34 लाख रुपए जुर्माने की सजा सुनाई। अपराधी को गिरफ्तारी वारंट से तलब किए जाने के बावजूद वह पेश नहीं हुआ। कोर्ट ने दोषी को फरार घोषित कर स्थाई वारंट जारी कर दिया। जिसकी तामील की जिम्मेदारी आईजी को दी गई।
आरोपी के पिता की पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास दुकान है। जिसके ठीक सामने पुलिस चौकी है। ऐसे में उसकी पुलिसकर्मियों से जान पहचान है। परिजनों को दोषी के छुपने के ठिकाने की पूरी जानकारी है। आरोपी भरतपुर आकर अपने परिजनों से मिलता भी है।


