सेवर सेंट्रल जेल परिसर में खुलेगा पेट्रोल पंप, जेल के बंदी संभालेंगे सारी व्यवस्था

Feb 11, 2021 - 06:22
Feb 11, 2021 - 06:30
सेवर सेंट्रल जेल परिसर में खुलेगा पेट्रोल पंप, जेल के बंदी संभालेंगे सारी व्यवस्था

राजस्थान जेल विभाग ने आइओसीएल के साथ एमओयू किया है जिसके तहत राजस्थान के चार जिलों की जेल परिसरों में पेट्रोल पंप शुरू किए जाएंगे जिसमें भरतपुर की सेवर जेल भी शामिल है। केंद्र सरकार की इस योजना को केरल में लागू किया जा चुका है, जहां जेल के बंदी पेट्रोल पंप पर काम करते हुए देखे जा सकते हैं।

पेट्रोल पंप के लिए राजस्थान प्रदेश के 4 जिलों भरतपुर सहित अलवर, जयपुर और कोटा को चुना गया है। इन चुनिंदा जिलों में ही कैदी पेट्रोल पंप की कमान संभालते हुए नजर आएंगे, जहां कैदियों द्वारा ही गाड़ियों में पेट्रोल और डीजल भरा जाएगा। जानकारी के अनुसार प्रदेश सरकार ने जिन चार जिलों में पेट्रोल पंप खोलने की स्वीकृति जारी की है।

उनमें से जयपुर में पेट्रोल पंप खुल चुका है। जबकि अलवर, भरतपुर, कोटा की जेलों में ये पेट्रोल एक-दो माह की अवधि में शुरू करा दिए जाएंगे। जेल विभाग की तरफ से आईओसी को दी गई जेल परिसर में जमीन उस पर आइओसी के सेटअप के साथ मिलकर ये पेट्रोल पंप खोले जा रहे हैं। जेल में सजा पाने वाले वह बंदी जिन्होंने अपनी सजा की एक तय अविधि पूरी कर ली है।

पेट्रोल पंप खुलने से 30 बंदियों को मिलेगा रोजगार
सेवर सेंट्रल जेल परिसर में पेट्रोल पंप खोले जाने की इस योजना से करीब 30 बंदियों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। इन कैदियों को काम के बदले तनख्वाह भी दी जाएगी। अनुमान है कि सेवर सेंट्रल जेल को इस पेट्रोल पंप से करीब 5 लाख रुपए की आय हो सकती है। इस आय से बंदियों को उनकी तनख्वाह दी जाएगी।

बंदियों को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे। एक बंदी को एक दिन के काम के एवज में 250 रुपए मेहनताना दिया जाएगा। जिसमें से 25 प्रतिशत राशि उस व्यक्ति को नियमानुसार उपलब्ध कराई जाएगी, जो बंदी से पीडित रह चुका है। यह पैसा उनके खाते में सीधे ही ट्रांसफर किया जाएगा।

^इस प्रोजेक्ट पर तेज गति से काम चल रहा है। आईओसी कंपनी के अधिकारियों ने जमीन देख ली है। एक-दो माह में महिला जेल के निकट खाली जमीन पर पेट्रोल पंप खोल दिया जाएगा।

अशोक वर्मा, अधीक्षक सेवर सेंट्रल जेल भरतपुर।