रेलवे स्टेशन कोरोना की चपेट में, 8 पॉजिटिव, स्टेशन मास्टर की हुई मौत

रेलवे स्टेशन कोरोना की चपेट में, 8 पॉजिटिव, स्टेशन मास्टर की हुई मौत

भरतपुर: जिले में कोरोना का कहर जारी है। भरतपुर का रेलवे स्टेशन भी कोरोना की चपेट में आ चुका है। रेलवे के अभी तक 8 कर्मचारी पॉजिटिव पाए गए हैं जबकि, कोरोना संक्रमित एक स्टेशन मास्टर की शनिवार को जयपुर के आरयूएचएस अस्पताल में मौत हो गई।

बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारियों के संक्रमित पाए जाने के कारण इनके सम्पर्क में आए लोगों के भी संक्रमित होने का खतरा बना हुआ है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि संपर्क में आए 20 लोगों की सैंपलिंग कराई गई है। सोशल डिस्टेंसिंग की पालना के अलावा हाइड्रोक्लोराइड का छिड़काव व साबुन और सेनेटाइजर का उपयोग किया जा रहा है।

कार्यवाहक स्टेशन प्रबंधक बाबूलाल गुर्जर ने बताया कि अभी तक 5 स्टेशन मास्टर और 3 पॉइंट्स मैन कोरोना पॉजिटिव निकल चुके हैं। 3 जनों की रिपोर्ट आना बाकी है। पॉजिटिव निकले एक स्टेशन मास्टर की शनिवार को जयपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतक गिरराज कॉलोनी निवासी 52 वर्षीय स्टेशन मास्टर डायबिटीज का रोगी भी था। उसने 31 अगस्त की सुबह तक स्टेशन पर ड्यूटी दी थी और उसके बाद तबियत खराब होने पर एक सितंबर को रेलवे हॉस्पिटल के डॉक्टर ने आरबीएम अस्पताल कोरोना जांच के लिए भेज दिया। जहां सैंपल देने के बाद उसकी रिपोर्ट 2 सितंबर को पॉजिटिव निकली थी।

हालत में सुधार नहीं होने पर 3 सितंबर को परिजन जयपुर के आरयूएचएस हॉस्पिटल ले गए। जहां उसे भर्ती कर लिया गया और ऑक्सीजन व वेंटिलेटर पर रखा गया। जिसकी शनिवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।