बेणेश्वर की सभा में बोले राहुल गांधी भाजपा दो हिंदुस्तान बनाना चाहती है, हम एक
उदयपुर में नवसंकल्प शिविर रविवार को खत्म होने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार को बांसवाड़ा के बेणेश्वर धाम पहुंचे। यहां 132 कराेड़ रुपए लागत से हाईलेवल पुल के उद्घाटन के बाद उन्होंने बेणेश्वर धाम के पास जनसभा को संबोधित किया। इसमें राहुल ने राजनीतिक विचारधार का जिक्र करते हुए भाजपा पर हमला बोला। इस दौरान राजस्थान की सियासत के लिए अहम संदेश भी दिए। राहुल ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश सरकार के कामकाज की जमकर तारीफ की। मंच पर सचिन पायलट भी मौजूद थे।
गहलोत बोले- देश में तनाव का माहाैल, दंगे कराए जा रहे
सभा में मुख्यमंत्री अशोक गहलाेत ने कहा कि बेणेश्वर धाम का मास्टर प्लान से विकास किया जाएगा। यहां का नक्शा बदल दिया जाएगा। अस्थि विसर्जन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुविधायुक्त घाट, दुकानें और गार्डन विकसित किया जाएगा। बेणेश्वर का नक्शा बदल देंगे। उन्होंने मानगढ़ शहीद स्मारक के विकास की बात भी कही। भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) पर गहलोत ने कहा- बीटीपी पनपी है, ख्याल रखिए, इसका नुकसान पार्टी और देश सबकाे हाेता है।
राहुल ने कहा- भाजपा आदिवासियों को कुचलती है, जबकि गहलोत उनके लिए काम करते हैं
राहुल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, भाजपा आदिवासियों को दबाने-कुचलने का काम करती है। जबकि राजस्थान सरकार आदिवासियों के लिए काम कर रही है। राजस्थान स्वास्थ्य में सभी प्रदेशों से आगे है। यहां स्वास्थ्य के लिए 10 लाख का बीमा है। कोई भी राज्य सरकार स्वास्थ्य के क्षेत्र में इतना काम नहीं कर रही। राहुल ने कहा- इंग्लिश मीडियम स्कूल के बारे में गहलोतजी बता रहे थे, इसका आदिवासियों को बड़ा फायदा होगा। वे कहीं भी रोजगार पा सकते हैं। मैं राजस्थान सरकार, अशोक गहलोत और मंत्रियों को बधाई देना चाहता हूं। आप गरीब लोगों के लिए काम कर रहे हो। आप शिक्षा, स्वास्थ्य के लिए काम कर रहे हो।
प्रधानमंत्री मोदी ने गलत तरीके से जीएसटी लागू की, देश की अर्थव्यवस्था बर्बाद कर दी
राहुल ने कहा- पीएम मोदी ने गलत तरीके से जीएसटी लागू की। देश की इकोनॉमी बर्बाद कर दी। यूपीए राज में यह मजूबत थी। चंद उद्योगपतियों को फायदा देने के लिए तीन काले कानून ले आए। बीजेपी दो हिंदुस्तान बनाना चाहती है। एक हिंदुस्तान अमीरों-उद्योगपतियों का, दूसरा गरीब आदिवासियों का। हम एक ही हिंदुस्तान के पक्ष में हैं। राहुल ने कहा- बेणेश्वर में जब मेला होगा तो मैं भी आना चाहूंगा। आदिवासियों का महाकुंभ मैं भी आंखों से देखना और दर्शन करना चाहता हूं।
यह विचारधाराओं की लड़ाई है
राहुल ने कहा, दो विचारधाराओं की लड़ाई है। कांग्रेस कहती है सबकी रक्षा करनी है, सबको जोड़कर चलना है। बीजेपी बांटने का काम करती है। बीेजपी आदिवासियों के इतिहास व संस्कृति को दबाने-मिटाने का काम करती है, हम जोड़ने का काम करते हैं। हम कमजोरों की मदद करते हैं, वे सबसे बड़े उद्योगपतियों की।


