नौकरी लगाने के नाम पर ठगे 2.50 लाख रुपए, तगादा करने पर महिला को पीटा

नौकरी लगाने के नाम पर ठगे 2.50 लाख रुपए, तगादा करने पर महिला को पीटा

सदर थाना क्षेत्र के गांव शीशवाड़ा में नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने का मामला सामने आया है। पीडित की मां की ओर से ठगी के रुपए मांगने पर आरोपी ने महिला को जमीन पर पटककर लात-घूंसों से मारपीट की। मारपीट की वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

सदर थाना क्षेत्र के गांव शीशवाड़ा निवासी राजवती पत्नी दिगंबर जाट ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि करीब दो साल पहले उसके बेटे सुरेन्द्र की नौकरी लगाने के नाम पर गांव के ही रमेश पुत्र पदम जाट ने ढाई लाख रुपए लिए थे।

30 अक्टूबर को उसका बेटा सुरेन्द्र आरोपी के पास पैसे मांगने उसके घर गया। जिस पर आरोपी रमेश ने 2 नवंबर को घर आकर पैसे देने की बात कही। 2 नवंबर की रात करीब 9 बजे आरोपी रमेश जाट अपने साले मनोज पुत्र शंकर जाट निवासी चांदपुर कला बाजना के साथ हाथों में लाठी-डंडे व हथियार लेकर घर आया और गंदी-गंदी गाली देने लगा।

जब उसे गाली देने से मना किया तो आरोपियों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए उसके बेटे सुरेन्द्र के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। रिपोर्ट में बताया कि आरोपियों ने महिला के बाल पकड़कर उसे जमीन पर गिरा दिया और उसके साथ मारपीट की। आरोपी जाते समय घर से दो लाख रुपए सहित दो सोने की चैन लूटकर ले गए। मारपीट की पूरी घटना घर में लगे सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गई।