सचिन पायलट का भरतपुर दौरा दौसा में रुककर कार्यकर्ताओं से मिले, बयाना में होने वाली किसान महापंचायत में हैं मुख्य अतिथि

सचिन पायलट का भरतपुर दौरा दौसा में रुककर कार्यकर्ताओं से मिले, बयाना में होने वाली किसान महापंचायत में हैं मुख्य अतिथि

पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट मंगलवार को बयाना पहुंचे। वे यहां डांग इलाके के जैसोरा पंचायत स्थित फतेहसागर पर होने वाली किसान महापंचायत में बतौर मुख्य अतिथि हैं। महापंचायत में किसानों को तीनों कृषि कानूनों के नुकसान बताते हुए केंद्र सरकार को घेरने की तैयारी है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से किसान महापंचायत को लेकर विधायक अमर सिंह जाटव, निवर्तमान कांग्रेस जिलाध्यक्ष शेरसिंह सूपा, कांग्रेस जिला प्रभारी चाकसू विधायक वेद प्रकाश सोलंकी, ब्लॉक अध्यक्ष कलुआराम गुर्जर आदि कार्यकर्ता जुटे हैं।

सचिन पायलट सुबह लंबे काफिले के साथ सड़क मार्ग से भरतपुर के लिए रवाना हुए। दौसा के पास मिड-वे तिराहे पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने पायलट का स्वागत किया। वे दौसा के जिला एवं सेशन कोर्ट पहुंचे। जहां ई-लाइब्रेरी का शुभारंभ किया। इस दौरान विधायक मुरारी लाल मीना, विधायक रमेश मीना, विधायक जीआर खटाना सहित कई विधायक मौजूद रहे।

ये रहा रूट
पायलट जयपुर से सड़क मार्ग से दौसा, महुआ, वैर, भुसावर होते हुए बयाना पहुंचे। बयाना से ब्रह्मबाद, खेरिया मोड़, बंधबारेठा, गढ़ीबाजना होते हुए फतेह सागर ताल स्थित सभास्थल पहुंचे। गौरतलब है कि फतेहसागर ताल पर स्थित धार्मिक स्थल से पायलट परिवार की बरसों से आस्था जुड़ी हुई है। करीब 12 साल पहले भी सचिन पायलट अपनी मां रमा पायलट के साथ फतेह सागर ताल पर आए थे।