पूर्व डिप्टी CM का भरतपुर दौरा सचिन पायलट बोले- ये तीनों कृषि कानून किसानों को खत्म कर देंगे, वे अपने ही खेत पर गुलाम बन जाएंगे

पूर्व डिप्टी CM का भरतपुर दौरा सचिन पायलट बोले- ये तीनों कृषि कानून किसानों को खत्म कर देंगे, वे अपने ही खेत पर गुलाम बन जाएंगे
भरतपुर के बयाना में हुई किसान महापंचायत को संबोधित करते पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट।

राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट मंगलवार को बयाना पहुंचे। वे यहां डांग इलाके के जैसोरा पंचायत स्थित फतेहसागर पर हुई किसान महापंचायत में मुख्य अतिथि थे। उन्होंने कहा कि देश में तीन कानून लागू किए गए हैं। इन तीनों को कृषि कानून कहा जाता है, लेकिन ये किसानो को खत्म करने के कानून हैं। अन्नदाता पूरे देश का पेट पालता है। वादा तो किया था कि किसान की आमदनी दुगुनी होगी। मैं आज तक एक भी ऐसे किसान से नहीं मिला, जिसने कहा हो कि उसकी आमदनी दुगुनी हो गई। दुगुनी की बात दूर की है, बल्कि अब तो स्थिति यह आ गई है कि वह अपने ही खेत पर गुलाम बन जाएगा।

सचिन पायलट ने कहा कि किसान को आज एकजुट होने की जरूरत है। देश के किसी भी राज्य में जो भी व्यक्ति खेती कर रहा है, वह किसान है। उसकी कोई जाति नहीं है। देश उन्हें किसान के रूप में जानता है। किसान की मजबूती के लिए हम सभी को एकत्रित होना होगा। पायलट ने कहा कि 12 फरवरी को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी राजस्थान आ रहे हैं। गंगानगर और हनुमानगढ़ में उनका दौरा है। वे किसान को ताकत देकर जाएंगे।

देश का जवान भी किसान का बेटा या पोता

पायलट ने कहा कि दिल्ली के बॉर्डर पर कितनी पुलिस खड़ी कर रखी है। सड़कों पर कीलें लगा रखी हैं। पुलिस और किसानों का झगड़ा हो रहा है। आज सरहद पर जो जवान खड़ा है, वो किसान का बेटा और पोता है। सरहद पर खड़ा फौजी हमारे गांव से निकला है। उसका मान-सम्मान तभी होगा, जब हम किसान का मान-सम्मान करेंगे।

विधायक विश्वेंद्र सिंह भी रहे मौजूद।
विधायक विश्वेंद्र सिंह भी रहे मौजूद।

सुबह सड़क मार्ग से रवाना हुए थे सचिन

सचिन पायलट सुबह लंबे काफिले के साथ सड़क मार्ग से भरतपुर के लिए रवाना हुए थे। दौसा के पास मिड-वे तिराहे पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने पायलट का स्वागत किया। वे दौसा के जिला एवं सेशन कोर्ट पहुंचे। जहां ई-लाइब्रेरी का शुभारंभ किया। इस दौरान विधायक मुरारी लाल मीना, विधायक रमेश मीना, विधायक जीआर खटाना सहित कई विधायक मौजूद रहे।

12 साल पहले आए थे सचिन

गौरतलब है कि फतेहसागर ताल पर स्थित धार्मिक स्थल से पायलट परिवार की बरसों से आस्था जुड़ी हुई है। करीब 12 साल पहले भी सचिन पायलट अपनी मां रमा पायलट के साथ फतेह सागर ताल पर आए थे।