भरतपुर भी बनेगा स्मार्ट सिटी, 24 घंटे बिजली-पानी जैसी कई सुविधाएं मिलेंगी
शहर के लिए राहत की खबर है। अब हमारा भरतपुर भी स्मार्ट सिटी बनेगा। सीएम अशोक गहलोत ने शुक्रवार देर रात नगरीय निकाय अधिकारियों के साथ हुई वीडियो कांफ्रेंसिंग में अपनी ओर से हरी झंडी दे दी। उन्होंने नगरीय विकास विभाग के अधिकारियों को इसके लिए आवश्यक कार्यवाही जल्दी करने के निर्देश भी दिए। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में शामिल होते ही भरतपुर शहर के विकास के लिए विभिन्न योजनाओं में केंद्र सरकार की ओर से पहले साल 200 करोड़ रुपए और उसके बाद हर साल 100-100 करोड़ रुपए का बजट मिलेगा।
इस राशि से शहर के लोगों को 24 घंटे बिजली पानी, हाई स्पीड इंटरनेट, वाईफाई, बेहतर साफ-सफाई के साथ ही थीम पार्क जैसी वर्ल्ड क्लास सुविधाएं मिल सकेंगी। साथ ही राज्य सरकार भी इन प्रोजेक्टों के लिए आर्थिक सहायता देती है। स्मार्ट सिटी मिशन में केंद्र सरकार ने 100 शहरों को पहले से ही शामिल किया हुआ है।
भरतपुर को स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में शामिल कराने के लिए सीएम गहलोत की ओर से हरी झंडी मिलने की पुष्टि करते हुए नगर निगम आयुक्त नीलिमा तक्षक ने बताया कि अभी प्रदेश के संभाग मुख्यालय वाले शहर जयपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर और जोधपुर ही स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में शामिल है। इसलिए राज्य सरकार अब संभाग मुख्यालय वाला शहर होने के आधार पर भरतपुर को भी इसमें शामिल कराना चाहती है। हाल ही आवास एवं शहरी मंत्रालय की ओऱ से जारी की गई स्वच्छता रैंकिंग में भरतपुर लगातार 2-3 साल से बेहतर प्रदर्शन कर रहा है।


