राजस्थान बजट में सिरोही को उम्मीद:कालंद्री और शिवगंज में गर्ल्स कॉलेज की आस, जावाल में 132 केवी GSS की हो सकती है घोषणा

राजस्थान बजट में सिरोही को उम्मीद:कालंद्री और शिवगंज में गर्ल्स कॉलेज की आस, जावाल में 132 केवी GSS की हो सकती है घोषणा

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज विधानसभा में बजट पेश करेंगे। जिले में एक भी कांग्रेस का विधायक नहीं है, लेकिन चुनावी साल से ठीक पहले के इस बजट में जिलेवासियों को बड़ी सौगात मिल सकती है। सबसे ज्यादा उम्मीदें सिरोही विधानसभा क्षेत्रवासियों को है, क्योंकि कांग्रेस समर्थित निर्दलीय विधायक संयम लोढ़ा के मुख्यमंत्री सलाहकार बनाए जाने के बाद यह पहला बजट है। अगर लोढ़ा के सुझाव माने जाते हैं तो कालंद्री और शिवगंज में गर्ल्स कॉलेज, कैलाशनगर में पुलिस थाना, जावाल में 132 केवी जीएसएस, शिवगंज में आरटीओ ऑफिस और सिरोही को मिनी सचिवालय मिल सकता है।

इसके अलावा लोगों को सिरोही और शिवगंज शहर की सड़कों के सौंदर्यीकरण और सिरोही मेडिकल कॉलेज के अधीन नए ट्रॉमा सेंटर की उम्मीद भी है। रेवदर व पिंडवाड़ा विधानसभा क्षेत्रों को भी सौगात मिल सकती है। माउंट आबू की बहुप्रतीक्षित सालगांव बांध परियोजना, पिंडवाड़ा में ट्रॉमा सेंटर, माही डेम का पानी पिंडवाड़ा तक लाने, रेवदर में कृषि मंडी, मंडार में तहसील और दिल्ली-कांडला हाइवे के मंडार व रेवदर कस्बे में बाइपास की घोषणा हो सकती है।

इस बार कृषि बजट भी पेश होगा, ऐसे में लोगों को उम्मीद है कि इसमें किसानों के हित का ध्यान रखा जाएगा। जिले के किसान चाहते हैं कि जिला मुख्यालय पर भी कृषि मंडी हो, ताकि किसान लाभान्वित हो सके। शिवगंज और रेवदर क्षेत्र के ग्रामवासी दशकों से आस लगाए बैठे हैं कि मंडार से शिवगंज तक निकलने वाले हाईवे को आबादी क्षेत्र से दूर हटाते हुए फोरलेन बनाया जाए, ताकि हाईवे पर होने वाले हादसे रोके जा सकें।