बालोतरा को अलग जिला बनाने की मांग:राजस्थान बजट 2022 में केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री ने की बालोतरा को अलग जिला घोषित करने की मांग, लिखा मुख्यमंत्री गहलोत को पत्र

बालोतरा को अलग जिला बनाने की मांग:राजस्थान बजट 2022 में केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री ने की बालोतरा को अलग जिला घोषित करने की मांग, लिखा मुख्यमंत्री गहलोत को पत्र

केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री एवं बाड़मेर सांसद कैलाश चौधरी ने बुधवार को जारी होने वाले प्रादेशिक बजट में बालोतरा को अलग जिला बनाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखा। पत्र के माध्यम से केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि पिछले तीन दशक से स्थानीय आमजन की ओर से बालोतरा को अलग जिला बनाने को लेकर वाजिब मांग की जा रही है।

मंत्री कैलाश चौधरी ने मांग की कि बुधवार को जारी होने वाले प्रादेशिक बजट में इस मांग को स्वीकृति प्रदान करके घोषणा करें। केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि हर बजट से पूर्व बालोतरा के जिला बनने की उम्मीद होती है, लेकिन घोषणा नहीं होने से आमजन को निराशा हाथ लगती है।

उन्होंने कहा कि कई इलाकों की दूरी बाड़मेर मुख्यालय से अधिक होने पर उनको आने-जाने में परेशानी होती है। बाड़मेर सांसद कैलाश चौधरी ने कहा कि बाड़मेर जिला मुख्यालय एवं बालोतरा शहर के बीच 100 किलोमीटर से अधिक की भौगोलिक दूरी है जिसे स्थानीय आमजन को कामकाज की दृष्टि से आवागमन की समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि जनसंख्या, क्षेत्रफल, दूरी, उद्योग एवं अन्य सुविधाओं सहित हर नजरिये से बालोतरा जिला बनने की दौड़ में सबसे प्रबल दावेदार है। क्षेत्र के वाशिंदे वर्षों से बालोतरा को जिला बनाने की मांग करते रहे हैं, जिस वजह से इस बार के बजट में यह मांग हर हाल में पूरी होनी ही चाहिए।