मोबाइल वैन करेगी लोगों को जागरूक:18 मार्च तक जिले में घूमेगी, देगी विधिक सेवा कार्यक्रमों की जानकारी

मोबाइल वैन करेगी लोगों को जागरूक:18 मार्च तक जिले में घूमेगी, देगी विधिक सेवा कार्यक्रमों की जानकारी

राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के तत्वाधान में संचालित मोबाइल वैन 18 मार्च तक सिरोही जिले में घूमकर लोगों को जागरूक करेगी। विधिक सेवा कार्यक्रमों, लोक अदालत, मध्यस्थता कार्यक्रमों, राजस्थान पीड़ित प्रतिकर स्कीम व अन्य विधिक जागरूकता कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार करने को लेकर वैन को गुरुवार को रवाना किया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश विक्रान्त गुप्ता, वमिता सिंह, वि. न्यायाधीश, एससी/एसटी प्रकरण, डॉ. सिंपल शर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सिरोही, सुधीर चौहान न्यायिक मजिस्ट्रेट, सिरोही, बार अध्यक्ष मान सिंह देवड़ा और अन्य लोगों की उपस्थिति में मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. सूर्यप्रकाश पारीक ने बताया कि मोबाइल वैन सिरोही जिला मुख्यालय और प्रत्येक तालुका के गांव जाकर विधिक जागरूकता कार्यक्रमों का प्रचार प्रसार व विधिक जागरूकता टीम की सहायता से साक्षरता शिविर आयोजित करेगी। मोबाइल वैन सार्वजनिक स्थलों, स्कूलों और अस्पताल आदि स्थानों पर विधिक जागरूकता से संबंधित पेम्प्लेट्स, बुकलेट्स, लीफलेट्स और किताबों का वितरण करेगी।