जल्द ही भरतपुर से अलीगढ़ के लिए शुरू होगी ट्रेन, 30 मिनट कम लगेंगे, 82 रुपए भी बचेंगे

जल्द ही भरतपुर से अलीगढ़ के लिए शुरू होगी ट्रेन, 30 मिनट कम लगेंगे, 82 रुपए भी बचेंगे

राजकुमार सिंह भरतपुर भरतपुर से अलीगढ़ का सफर करने वालों के लिए अच्छी खबर है। जल्द ही वे ट्रेन से अलीगढ़ तक की सीधी यात्रा कर सकेंगे। इस सुविधा के शुरू होने के बाद यात्रियों को आधा घंटे का समय बचेगा और 82 रुपए की भी बचत होगी। इसके अलावा कारोबारियों को भी राजस्थान माल भेजने में आसानी होगी। दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक को हाथरस जंक्शन के निकट मेंडू रेलवे लाइन से जोड़ा जाएगा। इसके लिए करीब डेढ़ किमी लंबा ट्रैक बिछेगा।

रेलवे बोर्ड ने इस लाइन के सर्वे की मंजूरी दे दी है। जानकारी के अनुसार अभी भरतपुर से अलीगढ़ जाने के लिए ट्रेन की सुविधा नहीं है। इसलिए लोगों को भरतपुर से अलीगढ़ जाने के लिए रोडवेज बसों और प्राइवेट वाहनों से सफर करना पड़ता है। अब रेलवे बोर्ड मथुरा-कासगंज रेल लाइन पर स्थित मेंडू रेलवे स्टेशन की लाइन को दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर स्थित हाथरस जंक्शन से जोड़ने की मंजूरी दे दी है। ट्रैक शुरू होने के बाद ट्रेन से भरतपुर से अलीगढ़ की दूरी 144 किमी हो जाएगी । इसे तय करने में करीब 3-30 घंटे लगेंगे और किराया 75 रुपए होगा।

जबकि अभी भरतपुर से अलीगढ़ की दूरी 117 किमी है। इसे तय करने में बस से करीब 4 घंटे लगते हैं और किराया 157 रुपए है। वर्तमान में राजस्थान रोडवेज के भरतपुर, लोहागढ़, जयपुर, जोधपुर, अजमेर, पाली, धौलपुर आगार की करीब 20 बसें अलीगढ़ तक संचालित होती हैं। इन बसों में रोजाना करीब 1000-1100 यात्री अलीगढ़ जाते हैं। अभी रोडवेज बस भरतपुर से अलीगढ़ तक 117 किमी का सफर करीब 4 घंटे में तय करती है। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक सतीश कुमार ने बताया कि रेलवे बोर्ड ने इस लाइन के सर्वे की स्वीकृति प्रदान कर दी है।

सर्वे का कार्य पूरा होने के बाद करीब डेढ़ किमी लंबी रेलवे लाइन बिछाई जाएगी। इस कार्य में करीब एक साल का समय लगेगा। रेलवे ट्रैक शुरू होने के बाद भरतपुर से हाथरस होते हुए अलीगढ़ तक ट्रेन चलाई जाएगी। इसके बाद ट्रेन को जयपुर तक संचालित किया जाएगा। साथ ही भविष्य में मथुरा से हाथरस की सिंगल लाइन को डबल भी किया जाएगा।