पकड़ा 131 किलो डोडा-पोस्त:पीछा कर कार को किया जब्त, लेकिन आरोपी भाग छूटे; NDPS में मामला दर्ज आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
अजमेर जिले की सरवाड़ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी पर कार्रवाई करते हुए 131 किलो 700 ग्राम डोडा पोस्त पकड़ा। पीछा कर पुलिस ने कार तो जब्त कर ली लेकिन आरोपी भाग छूटे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
प्रशिक्षु IPS सुजीत शंकर को मुखबिर से केकड़ी की ओर से एक गाड़ी में अवैध मादक पदार्थ लेकर आने की सूचना मिली। जिस पर पुलिस दल के साथ केकड़ी़ रोड पेट्रोल पंप के पास नाकेबंदी लगाई। इसी दौरान केकड़ी की तरफ से एक इको गाड़ी आई। ड्राइवर ने आगे पुलिस की नाकेबंदी देख गाड़ी को रीको एरिया की तरफ दौड़ाई। पुलिस ने पीछा किया।
पुलिस को पीछा करते देख गाड़ी को रीको एरिया में छोड़कर दोनों फरार हो गए। पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली तो गाड़ी के अंदर छह प्लास्टिक कट्टे मिले। जिनको खोलकर देखने पर उसमें डोडा पोस्त भरा हुआ पाया। जिसका वजन 1 क्विंटल 31 किलो 700 ग्राम था। मामले में पुलिस ने डोडा पोस्त से भरे कट्टे व गाड़ी को जप्त कर थाने लेकर आए। पुलिस ने मामले में आरोपियों की तलाश को लेकर आसपास के क्षेत्र में दबिश दी।
मामले की सूचना मिलने पर केकड़ी क्षेत्रीय पुलिस उप अधीक्षक खींव सिंह राठौड़ भी सरवाड़ पहुंचे और मामले की जानकारी ली। मामले की जांच सरवाड़ थाना अधिकारी गुमान सिंह को दी गई। पुलिस के अनुसार पकड़े गए डोडा पोस्त की कीमत करीब 4 लाख बताई जा रही है।
कार्रवाई दल में प्रशिक्षु आईपीएस सुजीत शंकर, हेड कांस्टेबल कैलाश, शिवराज, कॉन्स्टेबल कमल किशोर, सुरेंद्र कुमार, दातार सिंह, रामजीलाल, श्याम बाबू आदि शामिल रहे। गौरतलब है कि सरवाड़ पुलिस द्वारा बीते 2 दिन पूर्व भी 4 50 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया था।
satveer 

