यूं ही पूरा नहीं हुआ ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज का सपना, कई अड़चन आईं, लेकिन हम रुके नहीं

यूं ही पूरा नहीं हुआ ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज का सपना, कई अड़चन आईं, लेकिन हम रुके नहीं

अलवर ने जो सपना देखा था वह पूरा हो गया। केन्द्र सरकार ने सोमवार को एमआईए स्थित ईएसआईसी के 100 सीट के मेडिकल कॉलेज को मंजूरी दे दी। अगले सत्र से नीट के जरिए मेडिकल कॉलेज में छात्रों को प्रवेश मिल सकेगा।

मेडिकल कॉलेज शुरू होने से अलवर सहित आसपास के जिलों के लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा मिल सकेगी। अलवर के लिए यह बड़ी सौगात है, लेकिन यह सौगात हमें आसानी से नहीं मिली। कई संगठनों, संस्थाओं, राजनीतिक दलों और आम नागरिकों के मिली-जुली कोशिशों का नतीजा है यह सौगात।

दैनिक भास्कर ने भी मेडिकल कॉलेज के लिए लंबी लड़ाई लड़ी। अभियान चलाकर इसे अंजाम तक पहुंचाया। कई संगठनों-संस्थाओं ने इसमें भागीदारी निभाई। दैनिक भास्कर ने ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज व हॉस्पिटल को शुरू कराने के लिए 5 दिसंबर 2016 को अभियान शुरू किया तो लोग इससे जुड़ते चले गए। लाेगों की यह आवाज केन्द्र सरकार तक पहुंची और फिर इस कार्य में तेजी आती चली गई।

दैनिक भास्कर ने लोकसभा चुनाव में भी ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज को मुद्दा बनाया था। यह मेडिकल कॉलेज 36 एकड़ भूमि में बना है। अब तक इस पर करीब 1000 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं। जल्दी ही अलवर शहर से ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज तक सिटी बसों का भी संचालन शुरू होने वाला है।