शराबी बेटे ने अपाहिज मां के पेट में चाकू घाेंपकर हत्या की फिर खुद के पेट में मारा

Sep 6, 2020 - 05:44
Sep 6, 2020 - 05:50
शराबी बेटे ने अपाहिज मां के पेट में चाकू घाेंपकर हत्या की फिर खुद के पेट में मारा

बीकानेर: बज्जू के बरसलपुर गांव में एक बेटे ने दिव्यांग मां के पेट में चाकू घाेंपकर हत्या कर दी। उसके बाद खुद के पेट में भी चाकू मारकर आत्महत्या की कोशिश की। घायल हालत में उसे पीबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

एएसआई शिवरतन ने बताया कि हाथ-पैर से दिव्यांग रूपा देवी (64) की शादी लूनकरणसर में हुई थी, लेकिन करीब 30 पहले उसने ससुराल छाेड़ दिया था और बेटे तुलछाराम साेनी के साथ पीहर बरसलपुर आ गई और वहीं रहने लगी। मां-बेटे दाेनाें अपने परिजनाें के पड़ाेस में रहते थे। तुलछाराम (35) नशे का आदी था।

नशे की हालत में किसी न किसी से झगड़ता रहता था। शनिवार काे सुबह करीब 10 बजे उसने अपनी दिव्यांग मां के पेट में चाकू घाेंप दिया। एक ही वार से रूपा देवी ने वहीं दम ताेड़ दिया। उसके बाद तुलछाराम ने खुद के पेट में भी चाकू मारकर आत्महत्या करने की कोशिश की।

परिजनाें काे पता चलने पर उसे घायल हालत में बज्जू अस्पताल ले जाया गया, जहां से पीबीएम अस्पताल रैफर कर दिया गया। रूपा देवी का शव बज्जू अस्पताल में रखा गया है। उसके भाई सुमेराराम साेनी ने भांजे के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया है।