निरीक्षण करने थाने पहुंचे विधायक से जवानों ने कहा-लगातार ड्यूटी से हम तंग, ऐसे में पपला क्या कोई भी अपराधी भाग जाएगा

Aug 10, 2020 - 02:15
Aug 10, 2020 - 04:40
निरीक्षण करने थाने पहुंचे विधायक से जवानों ने कहा-लगातार ड्यूटी से हम तंग, ऐसे में पपला क्या कोई भी अपराधी भाग जाएगा

दो अगस्त को सरकार की किलेबंदी में जैसलमेर गए बहरोड़ विधायक बलजीत यादव ने शनिवार रात क्षेत्र में लौटते ही बहरोड़, नीमराना व मांढ़ण थाने का निरीक्षण किया।

देर रात औचक निरीक्षण करने पहुंचे विधायक से बहरोड़ थाने में तैनात आरएसी जवान और पुलिसकर्मियों ने दो टूक कह दिया- साहब स्टाफ की कमी है। छह महीने से दिन और रात लगातार ड्यूटी दे रहे हैं। सो भी नहीं पा रहे।

ऐसे हालात में पपला तो क्या कोई साधारण सा अपराधी भी यहां से भाग जाएगा। हमारे तो तबादले करा दो।

यह जवाब सुनते ही विधायक ने एसपी राममूर्ति जोशी से फोन पर बात की और स्टाफ बढ़ाने के लिए कहा और थाने से वापस लौट गए।

छुईमुई का पौधा व इसके लाभकारी गुण

अपराध से निपटने की तैयारी की थाने में पोल खुलने के बाद विधायक बलजीत शहर के बाजार में गश्त प्वाइंट करने की जांच करने पैदल ही निकले। यहां दूसरा सच सामने आया।

विधायक, उनके कार्यकर्ता और पुलिसकर्मियों के सामने पुलिस थाने से महज 300 मीटर आगे बोलेरो में सवार छह युवक पैदल जा रही महिला व पुलिसकर्मियों पर फब्तियां कस चुनौती देते हुए कार भगा ले गए।

विधायक कार्यकर्ताओं ने पीछा कर इन छह युवकों को करीब एक किलोमीटर आगे से पकड़ पुलिस को सुपुर्द कर दिया।