पहाड़ की तलहटी में खजाना निकलने की चर्चा थी, खोदने को हरियाणा से बुला लिए बदमाश

पहाड़ की तलहटी में खजाना निकलने की चर्चा थी, खोदने को हरियाणा से बुला लिए बदमाश

निकटवर्ती ग्राम पंचायत घिसेड़ा के डाढेड़ गांव के पहाड़ की तलहटी में सरकारी जमीन से खजाना निकलने की चर्चा पर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनो पक्षों ने खजाने की खुदाई के लिए हरियाणा से हथियार बंद बदमाश बुला लिए। इससे गांव में दहशत का माहौल है। सरपंच हासिम खान ने उपखंड अधिकारी से शिकायत की है कि तैयब, असरफ, रहीश, मुन्फेद के साथ कुछ अन्य लोगों ने पहाड़ की तलहटी में जमीन खोदकर खजाना निकाला है।

गांव में इन लोगों द्वारा 5 किलो 500 ग्राम सोना निकलने की चर्चा है। इसके बंटवारे को लेकर आपस में विवाद हो गया। इस जमीन में और भी खजाना बताया जा रहा है। जिसे खोदने के लिए तैयब वगैरह ने हरियाणा से हथियारबंद बदमाश बुलाए हैं। दूसरे पक्ष के लोग भी हथियार लेकर मुस्तैद हैं। इससे गांव में अंशाति और जनहानि होने का खतरा है। इसलिए उक्त जमीन को तुरंत कब्जे राज लेकर पुलिस तैनात की जावे। इस संबंध में उपखंड अधिकारी सजंय गोयल का कहना है कि ग्राम पंचायत घिसेड़ा के सरपंच से कुछ लोगों द्वारा खजाना खोदने की शिकायत मिली है। हल्का पटवारी और पुलिस से इसकी रिपोर्ट मांगी है।

करीब एक दर्जन ग्रामीण आए दुबारा खजाना खोदने
पहाड़ की तलहटी ने दुबारा खजाना खोदने के लिए गुरुवार रात को फिर एक दर्जन लोग आए। दूसरे पक्ष को जब इसकी जानकारी मिली तो पूरा गांव रात 12 बजे इकठ्ठा हो गया। जिन्होंने खजाना खोदने आए लोगों को धमकाकर वापस भेज दिया।

सरपंच ने कहा...खजाने के बाद 1.50 करोड़ रुपए के काम कराए
सरपंच हासिम ने बताया की कुछ समय पहले तक इन लोगों के पास छप्परनुमा मकान थे। करीब 5.50 किलो सोने का खजाना निकालने के बाद इन्होंने करीब डेढ़ करोड़ रुपए के काम कराए हैं।