चोरी के ट्रक को बरामद करने आई हरियाणा पुलिस को ग्रामीणों ने बंधक बनाकर पीटा
हरियाणा के तावडू थाने की सीआईयू पुलिस ने चोरी के ट्रक की बरामदगी करने को लेकर पहाड़ी थाना क्षेत्र के सावलेर गांव में ट्रक चालक पर फायरिंग कर ट्रक को कब्जे में लेने का प्रयास किया। लेकिन फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीण इकठ्ठे हो गए, जिन्होंने सिविल वर्दी में मौजूद सीआईयू पुलिस को घेरकर जमकर पिटाई कर बंधक बना लिया। हरियाणा पुलिस को बंधक बनाने की खबर मिलते ही पहाड़ी थाना प्रभारी नेकीराम जाब्ते के साथ सावलेर पहुंचकर ग्रामीणों को समझा कर हरियाणा पुलिस के जवानों को मुक्त कराया गया और थाने पर लेकर आई पहुंची।
हरियाणा के तावडू थाना क्षेत्र निवासी अख्तर से सावलेर निवासी समशू 9 लाख 60 हजार रुपये में एक ट्रक को खरीदकर लाया था। जिसके एवज में समशू द्वारा तावडू के ट्रक मालिक को 6 लाख रुपए का भुगतान भी कर दिया गया। शेष राशि गाड़ी को नाम कराने पर देने का वायदा हुआ। जिसको लेकर हरियाणा तावडू निवासी अख्तर द्वारा ठगी करते हुए गाड़ी को नुहू निवासी रहीश को बेच दिया गया। तावडू निवासी अख्तर द्वारा थाने में ट्रक की ठगी कर चोरी करने की शिकायत की गई थी। जिसको लेकर तावडू सीआईयू की टीम प्रभारी राकेश कुमार के निर्देशन में सीआईयू की एक टीम इसराइल के नेतृत्व में गठित कर पहाड़ी थाना क्षेत्र के सावलेर में भेज दिया गया।
हरियाणा सीआईयू टीम द्वारा ट्रक को देखकर हथियारों के बल पर ट्रक चालक से गाड़ी को रुकवाया। ट्रक चालक द्वारा ट्रक नही रोकने पर हरियाणा सीआईयू पुलिस टीम द्वारा ट्रक पर फायरिंग की गई। ट्रक पर फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीण लोग इकट्ठे हो गए। ग्रामीणों को इकठ्ठा होते देख हरियाणा सीआईयू टीम द्वारा एक फायर और किया गया। तीसरा फायर करने से पहले ही ग्रामीणों ने पुलिस को दबोच लिया और ग्रामीणों ने गाड़ी से उतार कर सभी पांचों पुलिस कर्मियों की जमकर ठुकाई कर बंधक बना लिया।
हरियाणा पुलिस को बंधक बनाने की सूचना मिलने पर पहाड़ी थाना प्रभारी नेकीराम पुलिस जाब्ते के साथ घटना स्थल ओर पहुंचे। जहां पर ग्रामीणों द्वारा पुलिस को बंधक बनाए हुए था। थाना प्रभारी नेकीराम द्वारा गांव सावलेर के मौजूद लोगों को समझाइश कर हरियाणा पुलिस के कर्मचारियों को मुक्त कराया गया।


