पुलिस पर पथराव और फायरिंग कर पोकलेन छुड़ा ले गए माफिया

पुलिस पर पथराव और फायरिंग कर पोकलेन छुड़ा ले गए माफिया

मेवात के पहाड़ी उपखंड स्थित गाधानेर गांव के चारागाह पहाड़ सोमवार को खनन माफिया की हवाई फायरिंग से दहल उठा। हालांकि इस घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ। लेकिन, आसपास के इलाके में दिनभर दहशत का माहौल जरूर रहा। हवाई फायरिंग की घटना सुबह उस वक्त हुई जब अवैध खनन रोकने के लिए पुलिस और खान विभाग की टीम ने अचानक छापेमारी कर दी।

इससे पहाड़ में खनन कर रहे माफिया में हड़कंप मच गया। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर माफिया ध्यानी की पोकलेन मशीन को पकड़ लिया। इसका ध्यानी और गांव के कुछ लोगों ने विरोध किया। जब टीम मशीन छोड़ने को तैयार नहीं हुई तो उन लोगों ने टीम पर पथराव करने के साथ ही हवाई फायरिंग करनी शुरू कर दी।

पुलिस ने भी जवाब में हवाई फायरिंग की। इस दौरान अवैध खननकर्ता पुलिस और खान विभाग की टीम से एक पोकलेन मशीन को छुड़ाकर ले गए। जबकि टीम ने 6 लोगों को पकड़कर 3 अन्य पोकलेन मशीन, 2 डंपर और करीब आधा दर्जन ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया। एसपी डॉ. अमनदीप सिंह कपूर ने खुद पहाड़ों में पैदल चलकर हरियाणा बार्डर तक के क्षेत्र का जायजा लिया।

पुलिस टीम पोकलेन मशीन और खनन माफिया की तलाश में निकली तो एक डंपर चालक तो डंपर को खाई में कुदा कर मौके से भाग निकला। वहीं माफिया ने पुलिस टीम को रोकने के लिए अवैध खनन कर पत्थर ले जा रहे वाहनों ने पत्थर डालकर रास्तों को अवरुद्ध कर दिया।