डीग की पंचायतों को सीकरी और नगर में शामिल करने पर होगा आंदाेलन : फौजदार
डीग की 9 ग्राम पंचायतों को मनमाने ढंग से नवगठित सीकरी और नगर पंचायत समितियों में शामिल करने के विरोध में डीग उपखंड के गांव बेढम के पास ग्रामीणों के महापड़ाव के पांचवें दिन शनिवार को इस मुद्दे को लेकर मंदिर के महंत बाबा मोहन दास की अध्यक्षता में महापंचायत आयोजित की गई।
महापंचायत में बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए आंदोलन के संयोजक भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता नेमसिंह फौजदार ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार जन भावनाओं की अपेक्षा कर नगर विधायक के दबाव में आकर तुष्टिकरण की राजनीति करते हुए मनमानी कर डीग पंचायत समिति की 9 पंचायतों को परिसीमन का नाटक कर नवगठित पंचायत समिति सीकरी और नगर में जोड़ रही है।
जबकि उक्त सभी 9 पंचायतों की जनता सरकार के इस निर्णय के खिलाफ है। इसलिए जब तक पंचायतों के परिसीमन को निरस्त नहीं किया जाता तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि हम सरकार से अभी गांधीवादी विचारधारा से यह मांग कर रहे हैं लेकिन यदि सरकार को हमारी यह भाषा समझ में नही आती है तो सरकार जिस भाषा को समझती है उस भाषा में भी समझाना यहां की जनता जानती है। फौजदार ने कहा कि सरकार को 2015 और 2017 के जाट आरक्षण आंदोलन के इतिहास को पढ़ लेना चाहिए।
अगर सरकार हमारे धैर्य की परीक्षा ले रही तो अब बहुत हो चुका है ।अगर सरकार अशांति चाहती है तो रोड और पटरी बन्द करना हमसे बेहतर कोई नही जानता। उन्होंने चेताया कि जल्दी ही हम प्रशासन और सरकार का यह सपना पूरा करेंगे ।
आगे आंदोलन को संचालित करने के लिये 51 सदस्यीय कमेटी गठन किया जा रहा है ।उन्होंने कहा कि अगर आंदोलन उग्र हुआ तो प्रशासन जिम्मेदार होगा। महापंचायत में डीग के पूर्व प्रधान यदुवीर सिह, रतीराम बेढंम, हरी जाटव ककड़ा, राजेंद्र सिंह पूर्व सरपंच ककड़ा, बनैसिंह, प्रेमसिंह दांतलौठी श्यामसिंह, वीरपाल सहित दर्जनों पंच पटेलों ने अपने विचार रखे।


