भुसावर को हरा-भरा करने को लेकर वन विभाग ने किए 26 हजार पौधे तैयार
क्षेत्र को हरा भरा रखने के लिए वन विभाग की तैयारियां की गई। वन विभाग हजारों पौधे क्षेत्र में लगाने की तैयारी के साथ बाकी पौध वितरण कर रहा है। पौधरोपण के लिए सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य पर खुली बिक्री की जाएगी। बरसात आते ही मांग शुरू हो गई है। साथ ही नेशनल हाइवे टोल कम्पनी द्वारा डिवाइडर के मध्य पौधरोपण कराया जा रहा है।
नेशनल हाइवे 21 खेरली मोड स्थित वन विभाग पौधशाला नदबई रेंज पर कार्यरत वनपाल ने बताया कि जैसे ही मानसून की बारिश होते ही वन विभाग निर्धारित मूल्य पर पौधों की खुली बिक्री शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि इस बार वन विभाग ने खेरली मोड वन पौधशाला पर निर्धारित लक्ष्य के अनुसार लगभग 12 हजार बडे तथा 14 हजार छोटे पौधे तैयार किए गए है।
इनमें मुख्य रूप से करंज के पौधे है, पाखर, नीम देशी व शीशम के पौधों को भी शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि नदबई रेंज की खेरली मोड व हलैना में पौधशाला पर क्षेत्र को हराभरा रखने को लेकर पौधे तैयार किए जा रहे है। इनमें लगभग, 26 हजार पौधे खेरली मोड पौधशाला पर तैयार कराए जा रहे है। निर्धारित मूल्य खुली बिक्री के लिए 15 रुपए प्रति पौधा रखा गया है।


