किशोर से दुष्कर्म का मामला अब एसीबी के डीएसपी यादव पर भी चलाया जाएगा मुकदमा
निलंबित जज और उसके सहयोगी दो कोर्ट कर्मचारियों द्वारा नाबालिग किशोर से दुष्कर्म करने के मामले में पॉक्सो कोर्ट ने एसीबी के तत्कालीन डीएसपी परमेश्वर लाल यादव के खिलाफ भी प्रसंज्ञान लिया है। यादव पर आरोप है कि जज के कहने पर उन्होंने घर जाकर पीड़ित परिवार को राजीनामा करने के लिए धमकाया था।
अधिवक्ता विवेक हथैनी के अनुसार डीएसपी यादव को जमानती वारंट से 30 मार्च को तलब किया गया है। उल्लेखनीय है कि पीड़ित परिवार द्वारा एफआईआर और बयानों में डीएसपी पर धमकाने के आरोप लगाए जाने के बाद यादव को सस्पेंड कर दिया गया था। बाद में सरकार ने उन्हें बहाल करके जयपुर में पोस्टिंग दे दी थी। कोर्ट इनसे पहले निलंबित जज जितेन्द्र सिंह गुलिया, कोर्ट कर्मचारी अंशुल सोनी और राहुल कटारा के खिलाफ प्रसंज्ञान ले चुकी है। तीनों हाईकोर्ट से जमानत पर हैं।


