पिकअप को बचाने में टैंकर अनियंत्रित होकर पलटा:सरसों के तेल लेकर अलवर जा रहा था; तेल ले जाने के लिए उमड़े ग्रामीण

Feb 5, 2023 - 09:19
पिकअप को बचाने में टैंकर अनियंत्रित होकर पलटा:सरसों के तेल लेकर अलवर जा रहा था; तेल ले जाने के लिए उमड़े ग्रामीण

बड़ौदामेव कस्बे के समीपवर्ती शीतल की रूपारेल नदी की पुलिया पर शुक्रवार रात 2 बजे भरतपुर से अलवर के लिए जा रहा सरसों के तेल से भरा टैंकर पलट गया। टैंकर में 34,680 लीटर तेल भरा हुआ था। टैंकर सामने से आ रही पिकअप गाड़ी को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हो गया और रूपारेल नदी में जाकर पलट गया।

ट्रक के पलटने के बाद टैंकर में भरा तेल वहां पर फैल गया। यह सूचना आस-पास के गांव में आग की तरह फैल गई और गांव वाले टैंकर को देखने आए और सरसों का फैला हुआ तेल देखकर उसे भर कर उसे ले गए। ट्रक मालिक अंशुल मित्तल ने बताया कि पिकअप गाड़ी को बचाने के चक्कर में ट्रक अनियंत्रित हो गया और खेत में जाकर पलट गया।

उन्होंने बताया कि ट्रक भरतपुर की तरफ से आ रहा था और अलवर जा रहा था, लेकिन पिकअप को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें भरा सरसों का तेल भी वहां पर फैल गया। सरसों के फैले हुए तेल को देखकर गांव वाले अपने बर्तनों में तेल को भर-भर कर ले जाने लगे।