हवा की बजाय बच्चों के सामने चलाई गोली:शादी के जश्न में एक बच्चे समेत 2 की मौत; एक के बाद एक चार फायर किए

हवा की बजाय बच्चों के सामने चलाई गोली:शादी के जश्न में एक बच्चे समेत 2 की मौत; एक के बाद एक चार फायर किए

अलवर में शादी(लग्न) के जश्न में हुई फायरिंग ने दो लोगों की जान ले ली। एक के बाद एक चली 4 गोलियां 4 लोगों को लगी। मरने वालों में एक 8 साल का बच्चा और एक महिला है। बच्चा दूल्हा का भतीजा है। सूचना मिलने पर देर रात 12 बजे अलवर एसपी तेजस्वी गौतम भी मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि इस मामले में दो आरोपियों को भी पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

कठूमर(अलवर) सीओ अशोक चौहान ने बताया कि खेड़ली थाना क्षेत्र के समूची गांव में रविवार को किसान राजवीर सिंह राजपूत के बेटे देवेंद्र सिंह का लग्न टीका का कार्यक्रम था। गांव में सभी रिश्तेदार आए हुए थे। जश्न और खुशी के माहौल में रात करीब 8 बजे लग्न में शामिल परिवार के दो लोगों ने हर्ष फायरिंग शुरू कर दी।एक के बाद एक हुए फायर में गोली कालवारी खेड़ली निवासी धाकड़ (8) पुत्र उदय सिंह और सालवाड़ी खेड़ली निवासी दिनेश (33) पत्नी हरवीर को जा लगी। इस दौरान इनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सालबाड़ी निवासी हंसी (30) पत्नी अशीष राजपूत और खोह निवासी प्राची (10) पुत्री सोहन सिंह के गोली लगने से घायल हो गए।

हवा की जगह सामने कर दिए फायर
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्यक्रम के दौरान करीब 3 से 4 बार फायर हुए। दरअसल, हर्ष फायरिंग के दौरान आरोपी हवा में फायर करना चाहते थे, लेकिन जल्दबाजी में पिस्तौल ऊपर की तरफ करने से पहले ही सामने की ओर ट्रिगर दब गया। जल्दबाजी में लगातार फायरिंग होने लगी। इस दौरान सामने मौजूद चार लोगों को सीने, हाथ और सिर में गोली जा लगी।

रात 12 बजे एसपी पहुंची
घायल विधवा महिला हंसा के तीन बच्चे हैं। जो दूल्हे के परिवार में है। 10 साल का मृतक धाकड़ दूल्हे के भुआ का पोता है। मृतक महिला दिनेश दूल्हे की भाभी लगती है। घायल प्राची व महिला हंसा भी रिश्तेदारी में है।

इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी भी मौके पर पहुंची और दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि वे जल्द ही इस मामले का खुलासा करेंगे।