वसुंधरा राजे का गहलोत सरकार पर निशाना कहा- बजट की स्क्रिप्ट तो लिख दी लेकिन हकीकत में बदलने की दूर-दूर तक संभावना नहीं
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे झालावाड़ के दौरे पर रहीं। इस दौरान उन्होने राज्य सरकार पर निशाना साधा। राजे ने कहा कि गहलोत सरकार ने बजट की स्क्रिप्ट तो लिख दी लेकिन इस बजट को धरातल पर लाना अलग बात है। बजट को हकीकत में बदलने की दूर-दूर तक संभावना नहीं है।
वसुंधरा राजे ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हमारे समय के स्वीकृत विकास कार्यों को ही यह सरकार पूरे नहीं कर पा रही है तो बजट घोषणाओं में दिखाए गए सपनो को साकार करना कहाँ मुमकिन है। राजे ने कहा कि इस सरकार ने 10 दिन में किसानों का कर्जा माफ करने का वादा किया था लेकिन वो वादा आज तक पूरा नहीं हुआ।
राजे ने कहा कि राज्य में कांग्रेस की यह सरकार झालावाड़ ज़िले की उपेक्षा कर रही है। इससे उलट हमने ऐसा कभी नहीं किया। कांग्रेस और हम में यही फ़र्क़ है वो विकास में राजनीति करती है, जबकि हम राजनीति में विकास की बात करते हैं। पूर्व सीएम राजे ने कहा कि राजस्थान टूरिज़्म के लिए अच्छा प्रदेश है।ख़ास कर हाड़ौती, जहाँ मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिज़र्व पर इस सरकार ने ध्यान नहीं दिया। जबकि यह आज की ज़रूरत है।


